सिलक्यारा रेस्क्यू पर बनेगी वेब सीरीज, तब्बू निभाएंगी लीड रोल:2023 में 17 दिन तक टनल में फंसे 41 लोग; आमिर खान भी बना रहे फिल्म
उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की कहानी अब वेब सीरीज के जरिए दर्शकों तक पहुंचेगी। YRF एंटरटेनमेंट की नेटफ्लिक्स सीरीज ‘टनल मेन’ में बॉलीवुड एक्ट्रेस तब्बू लीड रोल में नजर आएंगी। यह पहली बार होगा, जब तब्बू किसी हिंदी ओरिजिनल स्ट्रीमिंग सीरीज में काम करेंगी। सीरीज 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग में हुए रेस्क्यू ऑपरेशन की घटनाओं और उससे जुड़े मानवीय जज्बे से प्रेरित एक काल्पनिक ड्रामा होगी। नवंबर 2023 में सिलक्यारा सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 मजदूर अंदर फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए 17 दिन तक चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। देश-दुनिया की एजेंसियों और विशेषज्ञों की मदद से सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया था। ‘टनल मेन’ में इसी अभियान के दौरान दिखे धैर्य, टीमवर्क, साहस और उम्मीद की कहानी को पर्दे पर पेश किया जाएगा। तीन दशक से ज्यादा लंबा है तब्बू का करियर तब्बू ने तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में हिंदी के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी काम किया है। ‘माचिस’ और ‘चांदनी बार’ में अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले। वहीं ‘मकबूल’, ‘हैदर’ और ‘अंधाधुन’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया। वह मीरा नायर की फिल्म ‘द नेमसेक’, आंग ली की ‘लाइफ ऑफ पाई’ और सीरीज ‘ड्यून: प्रोफेसी’ में भी नजर आ चुकी हैं। ‘द रेलवे मेन’ का निर्देशन कर चुके शिव रवैल ‘टनल मेन’ के शोरनर के रूप में वापसी कर रहे हैं। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के सीईओ अक्षय विधानी के नेतृत्व में हेड ऑफ कंटेंट बने सौगता मुखर्जी का यह पहला प्रोजेक्ट है। मुखर्जी इससे पहले ‘स्कैम 1992’, ‘महारानी’, ‘तब्बर’ और ‘रॉकेट बॉयज’ जैसी चर्चित सीरीज से जुड़े रहे हैं। आमिर खान भी बना रहे सिलक्यारा रेस्क्यू पर फिल्म सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन पर इससे पहले आमिर खान प्रोडक्शंस ने ‘सिलक्यारा 41’ नाम से फिल्म बनाने की घोषणा की थी। फिल्म का निर्देशन कबीर खान करेंगे। इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस, ऑस्ट्रेलिया की माइंड ब्लोइंग फिल्म्स और कबीर खान फिल्म्स मिलकर करेंगे। फिल्म में 17 दिन तक सुरंग में फंसे रहे 41 मजदूरों को बचाने के अभियान को दिखाया जाएगा। इसमें ऑस्ट्रेलियाई सुरंग विशेषज्ञ प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की भूमिका को भी प्रमुखता दी जाएगी। फिल्म की स्क्रिप्ट ऑस्ट्रेलियाई लेखक एंड्रयू अनास्टासियोस ने लिखी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)