अखिलेश बोले-यही हाता है जो हम सबको भाता है:ब्राह्मण मतदाताओं को संदेश दिया; सपा नेता दुर्गेश यादव के घर भी गए

Nov 19, 2026 - 04:25
0
अखिलेश बोले-यही हाता है जो हम सबको भाता है:ब्राह्मण मतदाताओं को संदेश दिया; सपा नेता दुर्गेश यादव के घर भी गए
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ब्राह्मण मतदाताओं को संदेश देने के लिए अपने गोरखपुर दौरे के आखिरी चरण में धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता पहुंचे। इसे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. हरिशंकर तिवारी के नाम से जाना जाता है। पूर्व सांसद भीष्मशंकर तिवारी व सपा के राष्ट्रीय सचिव विनय शंकर तिवारी ने उनका स्वागत किया। हाता में ही उन्होंने पूर्व मंत्री स्व. जमुना निषाद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्व. जमुना की 16वीं पुण्यतिथि 19 नवंबर को है। पूर्व सांसद कुशल तिवारी की पत्नी रीना त्रिपाठी ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इससे पहले जनसभा स्थल से रवाना होने के बाद अखिलेश यादव खोराबार में सपा नेता दुर्गेश यादव के आवास भी चाय पीने पहुंचे थे। इससे उन्होंने अपने कोर मतदाताओं में संदेश दिया। तिवारी हाता में उन्होंने कहा कि यही हाता है जो हम सबको भाता है। तिवारी हाता के पीछे स्थित आवास पर पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी की पत्नी रीना त्रिपाठी ने पारंपरिक रीति से तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने भगवान राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रतिमा भेंट कर अखिलेश यादव का अभिनंदन किया। वहीं, पूर्व सांसद के पुत्र ईशान शंकर तिवारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।इस दौरान अखिलेश यादव ने तिवारी परिवार के सदस्यों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों से आत्मीय मुलाकात की। स्वागत के अवसर पर पूर्व सभापति गणेश शंकर पाण्डेय, पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी,वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वजाहत करीम एवं सुरहिता करीम, डॉ चितरंजन मिश्र, डॉ रजनीकांत पांडेय के साथ आशुतोष मिश्र,संतोष पांडेय सुधीप पांडेय और रिंटू पांडेय भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके बाद अखिलेश यादव ने तिवारी हाता परिसर में स्थित विशाल गौशाला का भ्रमण किया। उन्होंने गायों को अपने हाथों से चारा एवं गुड़ खिलाकर गोसेवा की भारतीय परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच उनका गौशाला पहुंचना और गायों को चारा खिलाना इस यात्रा का विशेष आकर्षण रहा। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी का आवास तिवारी हाता दशकों से पूर्वांचल की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे में अखिलेश यादव का यहां आगमन राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पारिवारिक आत्मीयता, पारंपरिक आतिथ्य और गोसेवा के भाव ने उनके इस दौरे को विशेष स्वरूप प्रदान किया। अखिलेश की झलक पाने के लिए लगभग 2 हजार से अधिक लोग तिवारी हाता पहुंचे थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User