बलरामपुर में राप्ती नदी उफान पर:डीएम ने सिसई घाट, कैलाशगढ़-भुसैलवा डीप का निरीक्षण कर फसल क्षति आकलन के निर्देश दिए
बलरामपुर में राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर और पहाड़ी नालों में तेज हुए जलप्रवाह को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंगलवार दोपहर 3 :30 बजे संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।उन्होंने सिसई घाट के अलावा तुलसीपुर तहसील के कैलाशगढ़ और भुसैलवा डीप का निरीक्षण किया।इस दौरान जलप्रवाह,आवागमन,सुरक्षा व्यवस्था और अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों की स्थिति देखी तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कैलाशगढ़ और भुसैलवा डीप पर अधिकारियों ने बताया कि सिरिया पहाड़ी नाले में पानी आने से दोनों स्थानों पर जलप्रवाह बढ़ा हुआ है।डीएम ने दोनों ओर की स्थिति, पानी की गति और स्थानीय लोगों के आवागमन की जानकारी ली।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि तेज जलप्रवाह वाले स्थानों पर जनसुरक्षा से कोई समझौता न हो।जरूरत के अनुसार नाव की उपलब्धता सुनिश्चित रखने और जलस्तर की लगातार निगरानी करने को कहा। राप्ती बैराज से पानी का डिस्चार्ज कम हुआ डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पानी बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। स्थानीय लोगों को भी तेज बहाव वाले डीप और जलभराव वाले स्थानों पर सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जाए।सभी आवश्यक संसाधन पहले से तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कैलाशगढ़ और भुसैलवा क्षेत्र में अतिवृष्टि एवं जलभराव से प्रभावित फसलों को भी देखा।उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम को प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर फसल क्षति का वास्तविक एवं पारदर्शी आकलन करने के निर्देश दिए।प्रभावित किसानों का विवरण सही ढंग से दर्ज कर रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा, ताकि नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा सके। इससे पहले डीएम सिसई घाट पहुंचे और राप्ती नदी के जलस्तर की स्थिति देखी।नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के चलते उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों से जलस्तर में हो रहे बदलाव और आगामी घंटों की स्थिति की जानकारी ली। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड ने बताया कि राप्ती बैराज से पानी का डिस्चार्ज कम हुआ है और रात से नदी के जलस्तर में कमी आने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)