बंगाल के चक्रवात से जालौन में भारी बारिश:24 घंटे में 98 MM बारिश, 8-10 डिग्री गिरा तापमान; धान की फसल को नुकसान, स्कूल बंद
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती सिस्टम का असर बुंदेलखंड के जालौन जिले में भी साफ दिखाई दे रहा है। गुरुवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश शनिवार सुबह तक लगातार जारी रही। करीब 24 घंटे से हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश के चलते तापमान में करीब 8 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री तक पहुंच गया। लगातार बारिश से जिले के कई नाले एक बार फिर उफान पर आ गए हैं। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है। पिछले 24 घंटे में उरई शहर में 98 मिलीमीटर, जबकि कोंच नगर में 45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में लहलहा रही धान की फसल तेज हवाओं के साथ खेतों में बिछ गई है। किसानों के मुताबिक पिछली बारिश के बाद जिले में धान की फसल ही बड़ी उम्मीद के रूप में बची थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने उसे भी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। खेतों में पानी भरने से फसल के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। बारिश की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी समीर ने कक्षा एक से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में शनिवार को अवकाश घोषित किया है। वहीं, संभावित नुकसान का आकलन कराने के लिए राजस्व विभाग की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में लगाया गया है। टीमें बारिश से प्रभावित इलाकों में पहुंचकर फसलों, मकानों और अन्य नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)