बरेका के रोहित यादव ने एशियन गेम्स में जीता कांस्य:84.35 मीटर भाला फेंककर मेडल अपने नाम किया, 2018 से बरेका में दे रहे सेवा
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रो खिलाड़ी रोहित यादव ने एशियन गेम्स-2026 में कांस्य पदक जीतकर देश और बरेका का गौरव बढ़ाया है। जापान में आयोजित पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल में रोहित ने 84.35 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और तीसरे स्थान पर रहे। भारत के ही यशवीर सिंह ने 85.72 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता। श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे ने 88.55 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। एक ही स्पर्धा में भारत को दो पदक जैवलिन थ्रो में रोहित और यशवीर ने भारत के लिए डबल पोडियम सुनिश्चित किया। रोहित का 84.35 मीटर का प्रदर्शन उन्हें कांस्य पदक दिलाने में सफल रहा, जबकि यशवीर 85.72 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 2018 से बरेका में दे रहे सेवाएं रोहित यादव बरेका के इलेक्ट्रिक विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वे वर्ष 2018 से बरेका में सेवाएं दे रहे हैं। नौकरी के साथ उन्होंने जैवलिन थ्रो में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस साल 87.05 मीटर का थ्रो भी कर चुके हैं रोहित ने इसी वर्ष 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 87.05 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के रिकॉर्ड में उनका यह प्रदर्शन एशियन गेम्स क्वालिफाइंग मार्क के साथ दर्ज है। बरेका परिवार में खुशी रोहित की इस उपलब्धि पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत, खेल संघ के पदाधिकारियों और बरेका परिवार ने उन्हें बधाई दी। महाप्रबंधक ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। रोहित यादव का यह पहला एशियन गेम्स पदक है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी इस उपलब्धि से बरेका में खुशी का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)