आजमगढ़ में तहसील परिसर में बिगड़ी महिला की तबीयत:अस्पताल में हुई मौत, अस्पताल पहुंची एसडीएम को 4 डॉक्टर मिले अनुपस्थित
आजमगढ़ जिले के लालगंज तहसील परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन संबंधी विवाद को लेकर एसडीएम को प्रार्थना पत्र देने आई 70 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह परिसर में ही गिर पड़ी। महिला को तत्काल तहसीलदार शिवप्रकाश सरोज और न्यायिक तहसीलदार विवेकानन्द दूबे अपनी सरकारी गाड़ी से सौ शैय्या अस्पताल लालगंज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान सुमित्रा मौर्या (70) पत्नी रामप्रसाद मौर्या, निवासी ग्राम भगवानपुर, थाना मेहनाजपुर के रूप में हुई। महिला का अपने पाटीदार से चल रहे जमीन संबंधी विवाद से परेशान थीं। वह मामले के संबंध में प्रार्थना पत्र देने तहसील पहुंची थीं। एसडीएम को प्रार्थना पत्र देने के बाद जब वह तहसील परिसर से बाहर निकल रही थीं, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़ीं। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंची एसडीएम को चार डॉक्टर मिले अनुपस्थित
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा अस्पताल पहुंचीं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की गई, जिसमें चार डॉक्टर अनुपस्थित मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए। वहीं पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ इस मामले की छानबीन की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)