बरेली में आज चंद्रशेखर आजाद की हुंकार:दिव्यानी लॉन में करेंगे जनसभा, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश, जुटने लगी भीड़

Sep 30, 2026 - 09:35
0
बरेली में आज चंद्रशेखर आजाद की हुंकार:दिव्यानी लॉन में करेंगे जनसभा, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश, जुटने लगी भीड़
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद बुधवार को बरेली पहुंच रहे हैं। वे पीलीभीत बाईपास रोड स्थित दिव्यानी लॉन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है और आयोजन स्थल पर समर्थकों का जुटना शुरू हो गया है। 2027 चुनावी शंखनाद चंद्रशेखर आजाद की इस जनसभा का सीधा फोकस आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर है। आजाद समाज पार्टी संगठन के विस्तार और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को जमीन पर तेज कर चुकी है। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की तैनाती के जरिए पार्टी रुहेलखंड के सियासी समीकरणों को अपने पक्ष में साधने की रणनीति पर काम कर रही है। संभल से बरेली बरेली आने से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद ने संभल के चंदौसी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया था। वहां उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल तैयार किया और सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त व समान शिक्षा-स्वास्थ्य देने का वादा किया था। संभल के बाद अब बरेली का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करेगा। गठबंधन पर दो-टूक चंद्रशेखर ने संभल के मंच से गठबंधन के कयासों को पूरी तरह खारिज करते हुए साफ किया था कि उनकी पार्टी किसी के दरवाजे के चक्कर नहीं लगा रही है। पार्टी जनता के सीधे संवाद और जमीनी संगठन के दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी। बरेली की जनसभा में भी सामाजिक न्याय, रोजगार और वंचित तबकों की राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की पूरी तैयारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User