बरेली में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई:उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजिस्टर्ड भारत) के तत्वावधान में शुक्रवार को बरेली स्थित चौकी चौराहा गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पण कर दोनों महान विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में अन्याय के विरुद्ध सत्याग्रह और अहिंसा का सफल प्रयोग किया और संपूर्ण देशवासी उन्हें 'राष्ट्रपिता' के रूप में सम्मान देते हैं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था। वे बेहद साधारण, ईमानदार और सहज व्यक्तित्व के धनी थे, जिनकी स्वतंत्रता आंदोलन में विशेष भूमिका रही और वे भारत के सबसे यशस्वी प्रधानमंत्रियों में गिने जाते हैं। इस पावन कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया के साथ-साथ राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता, राकेश कुमार मौर्य, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दामोदर सिंह और रामकिशोर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)