बरेली में नशीले पाउडर संग हरियाणा के तीन तस्कर दबोचे:क्वांटो कार में छिपाकर ले जा रहे थे माल, पुलिस ने की नाकाबंदी तो रंगेहाथ पकड़े गए
बरेली पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना कैंट पुलिस ने चेकिंग के दौरान शाहजहांपुर रोड पर पीएसी आठवीं बटालियन के पास एक क्वांटो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कार सवार तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 121.44 ग्राम अवैध अल्प्राजोलम पाउडर बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने ₹5,680 नकद, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है। पीएसी बटालियन के पास चेकिंग में फंसी हरियाणा नंबर की कार थाना कैंट पुलिस टीम शाहजहांपुर रोड पर 08वीं बटालियन पीएसी के पश्चिमी कोने के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर (HR02AD9810) की क्वांटो कार को रुकवाया गया। कार सवार तीनों युवकों की अलग-अलग तलाशी ली गई तो उनके पास से अल्प्राजोलम पाउडर मिला। पुलिस ने यसवंत वर्मा उर्फ आशू के पास से 51.91 ग्राम, इशू के पास से 39.07 ग्राम और विशाल के पास से 30.46 ग्राम नशीला पाउडर बरामद कर सील कर दिया। बरेली के नदीम से खरीदते थे माल, ट्रक चालकों को महंगे दाम पर बेचते थे पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बरेली के नदीम नामक तस्कर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क में रहते थे। वे बरेली से सस्ते दामों पर अल्प्राजोलम पाउडर खरीदकर हरियाणा ले जाते थे और वहां ट्रक चालकों को महंगे दामों पर सप्लाई करते थे। वारदात के समय वे नदीम से ली गई खेप के साथ खड़े थे और बाकी बचे माल के लिए उसका इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, तीनों आरोपियों को भेजा जेल पकड़े गए आरोपियों में यसवंत वर्मा उर्फ आशू (40) व इशू (43) निवासी सधौरा, यमुनानगर और विशाल (24) निवासी लखनोरा, अंबाला (हरियाणा) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना कैंट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं स्थानीय सप्लायर नदीम की तलाश में दबिश दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)