बरेली में PWD के रिटायर्ड बड़े बाबू की संदिग्ध मौत:गांधी उद्यान के योग स्थल के पास मिला शव, जेब में मिले पहचान पत्र से हुई शिनाख्त

Oct 02, 2026 - 15:00
0
बरेली में PWD के रिटायर्ड बड़े बाबू की संदिग्ध मौत:गांधी उद्यान के योग स्थल के पास मिला शव, जेब में मिले पहचान पत्र से हुई शिनाख्त
बरेली के सिविल लाइंस स्थित गांधी उद्यान में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब योग स्थल के पास एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही चौकी चौराहा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान बारादरी के शाहदाना स्थित मोर कोठी निवासी राम मोहन सिंह के रूप में हुई। राम मोहन सिंह पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त बड़े बाबू थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। परिजनों को मोबाइल से मिली सूचना, रात में नहीं देखने दिया शव राम मोहन सिंह के बेटे हिमांशु ने बताया कि रात करीब 10 बजे मोहल्ले के लोगों ने मोबाइल पर फोटो दिखाकर घटना की जानकारी दी, जिसे देखकर परिवार में कोहराम मच गया। हिमांशु का आरोप है कि पुलिस ने रात में उन्हें शव का चेहरा तक नहीं देखने दिया और सुबह मोर्चरी में शव दिखाया गया। परिजनों ने किसी भी रंजिश या दुश्मनी से साफ इनकार किया है। उन्होंने बताया कि राम मोहन सिंह बेहद शांत स्वभाव के थे और सभी से मिलनसार व्यवहार रखते थे। बीमारी और डिप्रेशन से जूझ रहे थे, रोज की तरह निकले थे घूमने राम मोहन सिंह के साले छेदालाल और भतीजे प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2012 में रिटायरमेंट के बाद से ही वह काफी डिप्रेशन में रहते थे। बेटे हिमांशु के मुताबिक, उनका बीपी और शुगर अक्सर बहुत लो हो जाता था और उनके शरीर के तीन-चार ऑपरेशन भी हो चुके थे। वे अपनी शारीरिक बीमारी और कमजोरी से काफी परेशान रहते थे। गुरुवार सुबह करीब 8-9 बजे वे रोज की तरह नाश्ता करके टहलने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। जहर खाने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज पुलिस की शुरुआती जांच में जहर खाकर जान देने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बुजुर्ग घर से निकलने के बाद पार्क तक किन परिस्थितियों में पहुंचे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User