बरेली में त्योहारों पर सुरक्षा कड़ी, सड़कों पर उतरी खाकी:नवरात्रि, दशहरा और दिवाली को लेकर एडीजी समेत आला अफसरों ने पीएसी संग किया पैदल गश्त

Oct 16, 2026 - 19:28
0
बरेली में त्योहारों पर सुरक्षा कड़ी, सड़कों पर उतरी खाकी:नवरात्रि, दशहरा और दिवाली को लेकर एडीजी समेत आला अफसरों ने पीएसी संग किया पैदल गश्त
त्योहारों के मद्देनजर बरेली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। नवरात्रि, दशहरा, करवा चौथ, धनतेरस और दीपावली को लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरकर पैदल गश्त की। बिहारीपुर से शुरू हुआ 200 मीटर लंबा खाकी का कारवां पैदल गश्त की शुरुआत संवेदनशील क्षेत्र बिहारीपुर पुलिस चौकी से हुई। एडीजी जोन रमित शर्मा, DIG अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी चिराग जैन और सीओ सिटी आशुतोष शिवम समेत एक दर्जन थानों की फोर्स, पीएसी के जवान तथा महिला पुलिसकर्मियों की टीम सड़क पर उतरी। करीब 200 मीटर लंबे काफिले में चारों तरफ खाकी ही खाकी नजर आ रही थी। यह फ्लैग मार्च बिहारीपुर ढाल, घंटाघर, कुतुबखाना, जिला अस्पताल रोड और नावेल्टी चौराहा होते हुए वापस बिहारीपुर चौकी पर संपन्न हुआ। संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर, व्यापारियों से किया संवाद बिहारीपुर चौकी के पास स्थित इस्लामिया ग्राउंड पूर्व में हुए भारी बवाल के कारण बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से प्रशासन ने रणनीति के तहत यहीं से गश्त की शुरुआत की। पैदल मार्च के दौरान आला अफसरों ने बाजार में व्यापारियों और आम राहगीरों से सीधा संवाद किया। दुकानदारों और नागरिकों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया गया तथा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। बाजारों में उमड़ेगी भीड़, सुरक्षा का एहसास कराना मकसद: एडीजी दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान एडीजी जोन रमित शर्मा ने बताया कि नवरात्रि का पावन पर्व परंपरागत रूप से बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बाजारों, प्रमुख मंदिरों और रामलीला मंचन स्थलों पर श्रद्धालुओं व नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। त्योहारों के इसी माहौल को देखते हुए बरेली जोन के सभी 9 जनपदों में विजिबल पुलिसिंग और पैदल गश्त अभियान शुरू किया गया है। इसके साथ ही मोबाइल पुलिस टीमों द्वारा गाड़ियों से सघन पेट्रोलिंग भी की जा रही है, ताकि आमजन में पूरी तरह सुरक्षा की भावना पैदा हो सके। एडीजी ने आगे बताया कि इसी रणनीति के तहत जोन के सभी राजपत्रित अधिकारी और थानों की पुलिस शाम होते ही बाजारों व भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में सड़कों पर उतरी है। पुलिस की मौजूदगी (विजिबिलिटी) सुनिश्चित करने के साथ-साथ बाजारों, चौराहों और प्रमुख मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे सभी व्यवस्थाएं सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से चलती रहें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User