बृजभूषण बोले- Gen Z आंदोलन विदेशी ताकतें करवा रही हैं:सीतापुर में कहा- ये सनातन परंपरा से नहीं खाता मेल, राम कथा में हुए शामिल
सीतापुर में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शुक्रवार को सिधौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित श्रीराम कथा में शामिल हुए। वह दोपहर करीब 4 बजे पहुंचे। उन्होंने दिल्ली में Gen Z के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह आंदोलन अपने आप नहीं हो रहा, बल्कि करवाया जा रहा है। इसमें विदेशी ताकतें काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। बृजभूषण सिंह ने कहा कि ऐसा इमरजेंसी के दौरान भी नहीं हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को पाकिस्तान और बांग्लादेश के बराबर ले जाकर खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। बातचीत के दौरान उन्होंने एक विदेशी कारोबारी का जिक्र किया और स्पष्ट किया कि उनका इशारा एलन मस्क की ओर था। बोले- हमारी सभ्यता और सनातन परंपरा से मेल नहीं खाता Gen Z बृजभूषण सिंह ने कहा कि पहले गुरु-शिष्य का संबंध होता था, फिर विद्यार्थी-अध्यापक और अब टीचर-छात्र का संबंध रह गया है। Gen Z का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह हमारी सभ्यता और सनातन परंपरा से तालमेल नहीं खाता। हालांकि, उन्होंने अन्य राजनीतिक मुद्दों पर सवालों का जवाब नहीं दिया और वहां से चले गए। बच्चों को बचपन से अच्छे संस्कार देने की अपील भाजपा विधायक मनीष रावत के संयोजन में आयोजित श्रीराम कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कथा व्यास शांतनु महाराज ने भगवान श्रीराम की लीलाओं का वर्णन किया। इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने बच्चों के जीवन में संस्कारों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार माता-पिता से ही मिलते हैं। माता को सृष्टि की रचयिता बताते हुए उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बचपन से ही नैतिक मूल्यों, मर्यादा और अच्छे आचरण की शिक्षा देने की अपील की। साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। ‘दबदबा है और दबदबा ही रहेगा’ बजीं तालियां कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण सिंह ने अपने चिरपरिचित अंदाज में ‘दबदबा है और दबदबा ही रहेगा’ का संवाद बोला। इस पर कथा पंडाल तालियों से गूंज उठा। विधायक मनीष रावत ने उन्हें हनुमान जी की गदा और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)