बुलंदशहर में बेसमेंट की खुदाई से दो मंजिला इमारत ढही:परिवार खाटू श्याम दर्शन करने गया था, पुलिस आसपास के घर खाली कराए
बुलंदशहर के शिकारपुर नगर में शनिवार शाम करीब 5 बजे बेसमेंट की गहरी खुदाई के दौरान एक दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। मेरठ-बदायूं हाईवे पर सूरजभान स्कूल के सामने हुए हादसे में इमारत मलबे में तब्दील हो गई। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बेसमेंट की खुदाई से कमजोर हुई इमारत प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास एक व्यक्ति अपनी जमीन पर बेसमेंट का निर्माण करा रहा था। आरोप है कि बेसमेंट की खुदाई जरूरत से ज्यादा और काफी गहराई तक की गई थी। इससे बगल में स्थित दो मंजिला इमारत की नींव प्रभावित हुई और मकान अचानक भरभराकर गिर गया। शुरुआती जानकारी में गहरी खुदाई को इमारत गिरने की वजह माना जा रहा है। परिवार खाटू श्याम के दर्शन करने गया था हादसे के समय मकान मालिक का पूरा परिवार खाटू श्याम के दर्शन के लिए बाहर गया हुआ था। इमारत में कोई किराएदार भी मौजूद नहीं था। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया। यदि घटना के समय मकान में लोग मौजूद होते, तो जनहानि हो सकती थी। धमाके की आवाज से मची अफरा-तफरी इमारत गिरने के दौरान तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और धूल का गुबार उठ गया। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों में रहने वाले लोग भी घर खाली कर सड़क पर निकल आए। सूचना मिलने पर शिकारपुर कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। खुदाई में लापरवाही की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)