बुलंदशहर में बिजली तार चोर गिरोह का खुलासा:5 गिरफ्तार, 445 किलो एल्यूमीनियम तार बरामद
जनपद में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपदीय स्वाट (SWAT) टीम और थाना ककोड पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान विद्युत तार चोरी करने वाले 05 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का एल्यूमीनियम तार, अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्वाट टीम और थाना ककोड पुलिस द्वारा ग्राम रोनी सलोनी के पास संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने 05 संदिग्ध अभियुक्तों—शिवा (संभल), सुभाष (अलीगढ़), गुड्डू उर्फ रंगीला (बुलंदशहर), विवेक (मऊ) और राजाराम (बुलंदशहर) को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से 06 बंडल चोरी का एल्यूमीनियम तार (लगभग 445 किलोग्राम), 01 तार कटर, 01 अवैध तमंचा मय 02 कारतूस, 04 अवैध चाकू तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार (HR-55AR-1047) बरामद हुई है। तार काटने और चोरी करने की वारदात उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने 14 सितंबर 2026 को थाना ककोड क्षेत्र अंतर्गत विद्युत प्रांगण से ग्राम निठारी के बीच लगे विद्युत खंभों से तार काटने और चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में थाना ककोड पर केस दर्ज था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी आदतन और शातिर चोर हैं। इनमें से गुड्डू उर्फ रंगीला और राजाराम के खिलाफ बुलंदशहर के अलावा हापुड़ और शामली जिलों के विभिन्न थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना ककोड पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद असलम और थाना ककोड प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार की टीम की मुख्य भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)