शिक्षक-MLC प्रत्याशी प्रमोद मिश्रा को गेट के बाहर धक्का दिया:वाराणसी में पूर्व MLC बोले-मैं प्रत्याशी हूं...मुझे जाने दो, मुहूर्त निकला रहा है
वाराणसी में शनिवार को शिक्षक निर्वाचन चुनाव के दौरान कमिश्नरी कार्यालय पर भाजपा के प्रत्याशी डा. प्रमोद मिश्र और समर्थकों के साथ सुरक्षाकर्मियों की नोकझोंक हो गई। गेट पर पहुंचे प्रत्याशी प्रमोद कुमार मिश्रा को कर्मचारियों ने धक्का दे दिया। गेट खुलवाने का प्रयास करने वाले प्रमोद मिश्रा को गेट के बाहर कर दिया। बाहर से प्रत्याशी, मेयर समेत एक विधायक गेट खुलवाने के लिए दस्तक देते रहे लेकिन गेट के अंदर मौजूद सुरक्षाकर्मी भी गेट खोलने को तैयार नहीं हुए। प्रमोद मिश्रा खुद को प्रत्याशी बताकर और मुहूर्त निकलने की दुहाई देकर गेट खुलवाने की मांग करते रहे। मेयर ने सुरक्षाकर्मियों को लेकर नाराजगी जताई, हालांकि इसके बाद एसीपी कैंट प्रज्ञा मिश्रा पहुंची और गेट खुलावाया। शुक्रवार को वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में पुलिस और प्रशासन की अव्यवस्था देखने को मिली। अव्यवस्था और पुलिस की धक्का-मुक्की के कारण भाजपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डा. प्रमोद कुमार मिश्रा और उनके प्रस्तावक गेट के बाहर रह गए। मंत्री, विधायक और महापौर के हस्तक्षेप के बाद डा. प्रमोद मिश्रा कमिश्नरी परिसर के पश्चिमी गेट से अंदर प्रवेश कर सके। व्यवस्था इतनी खराब थी कि उनके दो प्रस्तावक नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज लेकर देर तक बाहर ही खड़े रहे। नामांन के दौरान भाजपा के प्रमुख नेता रहे लेकिन शिक्षकों की संख्या कम दिखी। चिल्लाते रहे प्रमोद मिश्रा- मैं प्रत्याशी हूं, मुझे जाने दो भाजपा प्रत्याशी डा. प्रमोद कुमार मिश्रा लगभग 11:45 बजे वरुणा पुल स्थित रामाश्रय वाटिका से नामांकन के लिए निकले. उन्हें शुभ मुहूर्त में 12:00 बजे नामांकन करना था. इस दौरान विकास भवन के सामने बैरिकेडिंग नंबर 3 पर डा. प्रमोद कुमार मिश्रा के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प हुई। किसी तरह से लोग कमिश्नरी परिसर के पश्चिमी मुख्य गेट पर पहुंचे, लेकिन वहां भीड़ की वजह से पुलिस ने गेट अंदर से बंद कर दिया. इस स्थिति में डा. प्रमोद मिश्रा माला पहने हुए बाहर से चिल्लाते रहे, "मैं प्रत्याशी हूं, मुझे जाने दो," लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। मेयर और मंत्री ने जताई नाराजगी इसके बाद महापौर अशोक कुमार तिवारी, मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालू, एमएलसी धर्मेंद्र राय, भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि आदि ने गेट खोलने का अनुरोध किया। काफी जद्दोजहद के बाद गेट खुला और प्रमोद मिश्रा अंदर गए. इस अफरा-तफरी में उनके कई आवश्यक प्रस्तावक बाहर ही रह गए. अंदर जब बुलावा शुरू हुआ, तो उन्हें खोजा जाने लगा, कुछ प्रस्तावक विकास भवन के सामने रुके थे, जबकि अन्य पश्चिमी गेट पर थे. किसी तरह से कोरम पूरा किया गया। आयुक्त कार्यालय में निर्वाचन प्रक्रिया वाराणसी खंड स्नातक के निर्वाचन के लिए नामांकन आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में आयोजित की गई है। नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों को विकास भवन के ठीक सामने से कमिश्नरी परिसर के गेट से प्रवेश करना है. प्रत्याशी के साथ पांच लोगों को नामांकन कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। नामांकन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर 2026 को होगी. नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 है. मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी. शनिवार को नामांकन करने वालों में शिक्षक एमएलसी पद के लिए डॉ प्रमोद कुमार मिश्रा, स्नातक के लिए चन्द्र प्रकाश गुप्ता, प्रशांत कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)