छात्र जागरूकता अभियान:शिया पीजी कॉलेज में सैकड़ों छात्रों ने ली समाजवादी छात्रसभा की सदस्यता
समाजवादी छात्रसभा की ओर से मंगलवार को शिया पीजी कॉलेज लखनऊ में छात्र जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व महानगर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष जावेद अली, महानगर उपाध्यक्ष शुभम चन्द्रा और एडवोकेट अल्ताफ अली ने किया। अभियान के दौरान छात्रों को उनके लोकतांत्रिक, शैक्षणिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने पूर्व सरकार के कार्यकाल में युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। इस दौरान लैपटॉप वितरण और कन्या विद्या धन जैसी योजनाओं की जानकारी भी छात्रों को दी गई। आयोजकों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों और विजन से प्रभावित होकर अभियान के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। महानगर अध्यक्ष जावेद अली ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा युवाओं और छात्रों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए आगे भी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी। महानगर उपाध्यक्ष शुभम चन्द्रा ने छात्रों के सामने पेपर लीक और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा, रोजगार और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)