कानपुर देहात में अब सर्किल स्तर पर जुटेंगे वैज्ञानिक सबूत:जालौन मॉडल पर पुलिसकर्मियों को मिलेगा फॉरेंसिक साक्ष्य संकलन का प्रशिक्षण
कानपुर देहात पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए नई पहल शुरू की है। जालौन मॉडल के तहत अब जिले के अलग-अलग सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार की जाएंगी। इसी क्रम में मंगलवार, को अकबरपुर सर्किल के विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को फॉरेंसिक और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम थाना अकबरपुर परिसर में आयोजित किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जुटाने की जानकारी दी गई। साथ ही साक्ष्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, उन्हें सुरक्षित रखने और विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल के बारे में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी आपराधिक घटना की जांच में घटनास्थल से मिले साक्ष्य अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में शुरुआती स्तर पर ही साक्ष्यों का सही तरीके से संकलन और संरक्षण होने से विवेचना को मजबूत आधार मिल सकता है। इसी उद्देश्य से सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट विकसित करने की योजना बनाई गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय भी शामिल हुईं। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के महत्व पर जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस पहल का उद्देश्य घटनास्थल पर उपलब्ध महत्वपूर्ण साक्ष्यों को प्राथमिक स्तर पर वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित करना और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाना है। पुलिस के अनुसार, आने वाले चरणों में जिले के अन्य सर्किलों में भी पुलिसकर्मियों को इसी तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार की जाएंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की शुरुआती प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर ही बेहतर तरीके से पूरी की जा सके। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर हरमीत सिंह, निरीक्षक रीना गौतम समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)