छात्राओं को पॉक्सो एक्ट,साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी:जहांगीराबाद राजकीय विद्यालय पहुंची महिला दरोगा नेहा ने छात्र-छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर बताए
घाटमपुर में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत गुरुवार को राजकीय हाईस्कूल जहांगीराबाद में एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं और स्कूली छात्रों को महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित अभियान में छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों, कानूनी परिणामों, साइबर फ्रॉड और गुड टच-बैड टच की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिला दरोगा नेहा ने छात्राओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन, 108 एंबुलेंस और 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर छात्राएं बिना डर या संकोच के संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दे सकती हैं। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों और उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इसके साथ ही गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए असहज स्थिति होने पर तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए गए। छात्रों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सऐप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने यूपी-कॉप (UPCOP) ऐप से मिलने वाली जनसुविधाओं और महिला सशक्तीकरण अभियान के साथ राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान महिला दरोगा नेहा, कांस्टेबल दीक्षा, शिवानी और दरोगा वीरेंद्र समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)