ट्यूबवेल से केबल चोरी करने वाला गिरोह का खुलासा:शामली में तीन आरोपी गिरफ्तार, 17 किलो जली केबल; तमंचा-कारतूस बरामद
शामली में कैराना पुलिस ने ट्यूबवेलों से बिजली की केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक रात में करीब 10 से 12 ट्यूबवेलों को निशाना बनाते थे। उनके कब्जे से 17 किलो 250 ग्राम जली हुई बिजली की केबल, तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, प्लास और छुरी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की रात मधुपुरा के जंगल में कई ट्यूबवेलों से केबल चोरी की गई थी। इसके बाद 29 सितंबर को गोगवान के जंगल में भी एक ट्यूबवेल से केबल काटी गई। लगातार हुई घटनाओं के बाद एसपी एनपी सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। गुरुवार को पुलिस ने कैराना बाईपास के पास से रजत और विकास निवासी कच्ची गढ़ी तथा आरिस निवासी मोहल्ला आलकलां, कैराना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने झिंझाना के लपराना और पीरखेड़ा, शामली के बलवा, कुड़ाना और लाख गांव के जंगलों में भी ट्यूबवेलों से केबल चोरी करने की कई वारदातें कबूल की हैं।
केबल जलाकर निकालते थे तांबा पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की केबल को जलाकर उसमें से तांबा अलग करते थे। इसके बाद तांबे को आसपास घूमने वाले कबाड़ियों को बेच देते थे। पूछताछ में कुछ सामान अपने साथी आरिस को देने की बात भी सामने आई है। आरोपियों ने पुलिस और ग्रामीणों से बचने तथा पकड़े जाने पर डराकर भागने के लिए तमंचा रखने की बात बताई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बजाज प्लेटिना बाइक संख्या एचआर-06-क्यू-0469 भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार इसी बाइक से तीनों जंगलों में जाकर ट्यूबवेलों को निशाना बनाते थे और चोरी की केबल को बेचने के लिए ले जाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ कैराना, शामली कोतवाली और झिंझाना थाने में संबंधित मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)