छात्राओं ने 20×33.5 फीट की रंगोली में उकेरा विकसित भारत:शामली में दो दिन में 20 घंटे मेहनत कर जनकल्याणकारी योजनाओं का दिया संदेश
शामली में सेवा संकल्प अभियान 2026-27 के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं ने 20×33.5 फीट की विशाल रंगोली तैयार की। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत बनाई गई रंगोली में जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, सामाजिक विकास, जनसेवा और ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को रंगों के जरिए उकेरा गया। छात्राओं ने रंगोली तैयार करने में प्राकृतिक रंगों, फूल, मिट्टी और अन्य पारंपरिक सामग्री का रचनात्मक प्रयोग किया। विशाल रंगोली को तैयार करने में छात्राओं ने लगातार दो दिनों तक करीब 20 घंटे मेहनत की। सामूहिक प्रयास से तैयार यह रंगोली विद्यालय परिसर में आकर्षण का केंद्र रही। डीआईओएस ने छात्राओं की रचनात्मकता को सराहा कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या जायसवाल और राजकीय हाईस्कूल पांवटीकला के प्रधानाध्यापक डॉ. अमित मलिक ने रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और विषय की प्रभावी प्रस्तुति की सराहना की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने छात्राओं को जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक दायित्वों की जानकारी देकर जागरूक किया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी। प्रधानाचार्या बोलीं- राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाएं छात्राएं विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रुचिता ढाका ने कहा कि छात्राओं ने विशाल रंगोली के माध्यम से देश के विकास और भविष्य की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने छात्राओं को सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। रंगोली निर्माण में छात्राओं को शिक्षिकाओं रूमा गर्ग, निधि जैन, बबीता गुप्ता और हरविंदर कौर का मार्गदर्शन मिला। शिक्षिकाओं के निर्देशन में छात्राओं ने रंगोली को आकर्षक और संदेशपरक स्वरूप दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)