चित्रकूट में रामलीला में श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष:सीता स्वयंवर का मंचन, एसपी ने शुभारंभ कराया, बोले- राम के आदर्शों से ही स्थापित हो सकता है रामराज
चित्रकूट मुख्यालय के तरौंहा में 40 साल से चली आ रही रामलीला में शुक्रवार रात श्रीराम-सीता स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद का प्रेरणादायक मंचन हुआ। रात 12 बजे तक चली रामलीला में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भगवान राम और लक्ष्मण की आरती कर लीला का शुभारंभ कराया। एसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के चरित्र से अगर हम सभी अंश मात्र भी प्रेरणा लें तो रामराज स्थापित हो सकता है। समाज में सद्भाव और खुशहाली बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। माता सीता और उनकी बहनों के समर्पण और त्याग से सभी को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज घर और समाज में परिवार के सदस्यों के बीच कटुता, मनमुटाव और बुराई का भाव नैतिकता के पतन का संकेत है। इस पर नियंत्रण कर हर समाज, वर्ग और परिवार की तरक्की की जा सकती है। रामचरितमानस में भी यही संदेश दिया गया है। रामलीला देखने आने वाले लोग इसमें छिपे समाज, परिवार और देश के हित के संदेश को लेकर जाएं और उसे अपने जीवन में अमल करें। श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, जयमाल पर झूमे दर्शक इसके बाद रामलीला महोत्सव में भगवान राम के सीता स्वयंवर का मंचन हुआ। भगवान राम ने शिव धनुष तोड़कर सीता का वरण किया। राम-सीता की जयमाल के दौरान दर्शक झूम उठे। इसके साथ ही परशुराम-लक्ष्मण संवाद का भी मंचन किया गया। अतिथियों का शॉल पहनाकर किया सम्मान रामलीला कमेटी के आयोजक और राष्ट्रीय रामायण मेला के अध्यक्ष प्रशांत करवरिया उर्फ प्रिंस ने मुख्य अतिथि एसपी अरुण कुमार सिंह और महंत दिव्य जीवनदास को शॉल पहनाकर सम्मानित किया। अन्य अतिथियों को रामनवमी पत्ता पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दिगंबर अखाड़ा के महंत दिव्य जीवन दास महाराज, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक दिनेश मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरो मिश्रा, जगदीश गौतम, चंद्र प्रकाश खरे, शहर कोतवाल अभय राज सिंह, रामलीला आयोजक संयोजक प्रशांत करवरिया, करुणा शंकर द्विवेदी, राजा बाबू पांडे, संतोष बंसल, रमेश द्विवेदी और सुधीर अग्रवाल का सानिध्य रहा। रामलीला के सफल आयोजन में आयोजकों की व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)