डॉक्टरों की 14 दिन न्यायिक रिमांड मंजूर:कानपुर में होमगार्ड भर्ती में घूस लेने के आरोप में कार्रवाई, ड्राइवर को राहत
कानपुर में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण में अभ्यर्थियों से घूस मांगने के मामले में दो डॉक्टरों का 14 दिन का न्यायिक रिमांड मंजूर हुआ है। आरोपों की पुष्टि नहीं कर पाने के कारण ड्राइवर को न्यायिक रिमांड नहीं मिला। मामला 15 अक्टूबर को पुलिस लाइन में मेडिकल परीक्षण के दौरान हुए हंगामे से जुड़ा है। न्यायिक रिमांड मंजूर होने के बाद दोनों डॉक्टरों की तबीयत बिगड़ गई। एक डॉक्टर को सीने में दर्द की शिकायत पर कार्डियोलॉजी और दूसरे को सर्वाइकल की समस्या के चलते हैलट रेफर किया गया। ड्राइवर को भी सिर में चोट के कारण हैलट भेजा गया है। पुलिस भर्ती में पास कराने के नाम पर रुपए मांगने के आरोपों की जांच कर रही है। जांच में रकम को कई बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने के रिकॉर्ड मिले हैं। पुलिस अब इन खातों और लेनदेन की कड़ियां जोड़ रही है। मेडिकल में पास कराने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप 15 अक्टूबर को पुलिस लाइन में होमगार्ड भर्ती के 200 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और मेडिकल परीक्षण होना था। इसके लिए सीएमओ की ओर से चार-चार डॉक्टरों के दो पैनल बनाए गए थे। रात करीब 8 बजे अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप था कि नाक टेढ़ी होने और आंखों में दिक्कत बताकर मेडिकल में पास कराने के नाम पर रुपये मांगे जा रहे हैं। होमगार्ड इंस्पेक्टर सुधांशु सिंह की तहरीर पर पुलिस ने डॉ. प्रवीण कुमार, उनके ड्राइवर अजीत कुमार, डॉ. महेश कुमार द्विवेदी, डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय कर रहे हैं। ड्राइवर की भूमिका साबित नहीं कर सकी पुलिस शुक्रवार देर शाम डॉ. प्रवीण कुमार और डॉ. महेश कुमार द्विवेदी का 14 दिन का न्यायिक रिमांड मंजूर हुआ। वहीं, पुलिस ड्राइवर अजीत के पास से कथित रकम बरामद नहीं कर सकी। उसकी भर्ती स्थल पर मौजूदगी भी साबित नहीं हो पाई। इन आधारों पर उसका न्यायिक रिमांड मंजूर नहीं हुआ। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, जांच में सामने आया कि अभ्यर्थियों से वसूली की अधिकांश रकम ड्राइवर अजीत के खाते में ट्रांसफर की गई थी। खाते की लिमिट पूरी होने पर रकम दूसरे एजेंट सुजीत के खातों में भेजी गई। इसके अलावा बिरहाना रोड की एक दुकान और एक मेडिकल स्टोर संचालक के खाते में भी रकम ट्रांसफर होने के रिकॉर्ड मिले हैं। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों को अस्पताल भेजा उर्सला अस्पताल की निदेशक डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. प्रवीण को एंजाइना की गंभीर समस्या के कारण कार्डियोलॉजी भेजा गया है। डॉ. महेश को सर्वाइकल की परेशानी और अजीत को सिर में चोट के चलते हैलट रेफर किया गया है। डॉ. प्रवीण का इलाज डॉ. सपन गुप्ता की देखरेख में हुआ। मेडिकल रिपोर्ट में उनकी हालत गंभीर बताई गई है और एक महीने के बेडरेस्ट की सलाह दी गई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)