दबंगों ने प्रधान के घर में घुसकर गालियां दी:तमंचे दिखाकर धमकाया, सरकारी काम की टंकी-टाइल्स घर पहुंचाने का दबाव बनाने का आरोप
मैनपुरी के कुरावली कोतवाली क्षेत्र में दबंगों पर ग्राम प्रधान के घर में घुसकर जातिसूचक गालियां देने, तमंचे दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और सरकारी काम की टंकी-टाइल्स अपने घर पहुंचाने का दबाव बनाने का आरोप लगा है। प्रधान ने आरोपियों पर रंगदारी वसूलने की कोशिश का भी आरोप लगाते हुए बुधवार की शाम करीब 4 बजे कुरावली थाने पहुंचकर शिकायत की और कार्रवाई की मांग की है। बरखेड़ा ग्राम पंचायत के प्रधान के मुताबिक, वह प्राथमिक विद्यालय में प्रधान निधि से पानी की टंकी और टाइल्स समेत अन्य कार्य करा रहे हैं। आरोप है कि 29 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे नगला झम्मन निवासी रामदास पुत्र लालजीत, उसके बेटे शिव कुमार व सौरभ दो अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सौरभ ने गाली-गलौज करते हुए सरकारी काम के लिए आई पानी की टंकी और टाइल्स उसके घर पहुंचाने की मांग की। प्रधान का आरोप है कि विरोध करने पर सौरभ और शिव कुमार ने तमंचे निकाल लिए और धमकाते हुए कहा कि शाम तक टंकी और टाइल्स घर नहीं पहुंचाई तो जान से मार देंगे। साथ ही गांव में नहीं रहने देने और प्रधानी नहीं करने देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। प्रधान के अनुसार, जब उन्होंने सरकारी सामग्री आरोपियों के घर नहीं पहुंचाई तो 30 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक गालियां देते हुए फिर जान से मारने की धमकी दी गई। प्रधान ने तहरीर में कहा है कि घटना को योगेश पुत्र नेत्रपाल सिंह, रतन सिंह पुत्र सौदान सिंह समेत गांव के कई लोगों ने देखा। प्रधान ने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और सरकारी कार्य की सामग्री अपने घर मंगवाने के लिए उस पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने इसे रंगदारी वसूलने का प्रयास बताते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर ललित भाटी ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है मामले की जांच कराई जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)