देहरादून में मृत मिले युवक का गांव पहुंचा शव:परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, नवरात्र में होनी थी शादी

Oct 02, 2026 - 13:05
0
देहरादून में मृत मिले युवक का गांव पहुंचा शव:परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, नवरात्र में होनी थी शादी
देहरादून में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले अयोध्या के युवक लवकुश चौरसिया (27) का शव शुक्रवार सुबह उसके पैतृक गांव बघौड़ा पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उधर, देहरादून पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी के मुताबिक, कुमारगंज थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव के पूरे कच्चे निवासी रामसागर चौरसिया के पुत्र लवकुश चौरसिया कई वर्षों से उत्तराखंड के देहरादून में रहकर काम करते थे। वह पटेलनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सिंधु सेंटर में ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड नामक इंटरनेट कंपनी में कार्यरत थे। 30 सितंबर को उनका शव कंपनी परिसर के जनरेटर रूम में मिला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन देहरादून पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था और प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर शुक्रवार, दो अक्टूबर की सुबह गांव पहुंचे तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का आरोप है कि लवकुश की हत्या की गई है। उनका कहना है कि घटना के बाद से कंपनी मालिक का मोबाइल बंद है और उसके फरार होने की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात करीब दो बजे लवकुश के मोबाइल पर फोन आया था। इसके बाद से उसका मोबाइल भी बंद हो गया। पुलिस मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। लवकुश दो भाइयों और तीन बहनों में बड़ा था। छोटा भाई अंकुश सूरत में मजदूरी करता है। घटना की सूचना मिलने पर वह भी गांव पहुंच गया। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन की शादी होनी बाकी है। पिता रामसागर चौरसिया खेती-किसानी करते हैं। परिवार के खर्चों की जिम्मेदारी मुख्य रूप से लवकुश संभालता था। नवरात्र के दौरान ही उसकी शादी तय होने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले हुई घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User