उन्नाव जिला अस्पताल में शुरू ओएसटी सेंटर:नशे की लत से बाहर निकालने को मिलेगा इलाज
उन्नाव में पंडित उमाशंकर दीक्षित जिला पुरुष चिकित्सालय में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (ओएसटी) सेंटर का शुभारंभ किया गया। सेंटर का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी और पुरुष सीएमएस डॉ. सुनील कुमार ने फीता काटकर किया। यह सुविधा उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के सौजन्य से शुरू की गई है। सेंटर के माध्यम से जिले के आईवी ड्रग यूजर्स यानी इंजेक्शन के जरिए नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों को ओरल फॉर्म में दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उपचार के दौरान नशे की दवा की निर्भरता और डोज को धीरे-धीरे कम करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मरीज नशे की लत से बाहर आकर सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। बीमारियों का खतरा सीएमएस डॉ. एके शुक्ला ने बताया कि आईवी ड्रग यूजर्स में एक ही सिरिंज का कई लोगों द्वारा इस्तेमाल करने से खून के जरिए फैलने वाली बीमारियों का खतरा रहता है। इनमें एचआईवी, हेपेटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी प्रमुख हैं। ओएसटी सेंटर के माध्यम से उपचार उपलब्ध होने से एक ही सिरिंज के इस्तेमाल की प्रवृत्ति को कम करने के साथ इन संक्रमणों के प्रसार पर भी नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों को सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण से देखा जाना जरूरी है। कई लोग गलत संगत या परिस्थितियों के कारण नशे की लत में फंस जाते हैं और इच्छा के बावजूद इसे छोड़ नहीं पाते। उपचार के जरिए उन्हें नशे से बाहर निकालकर परिवार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जिला अस्पताल में मरीजों को दवा और उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के क्लस्टर प्रिवेंशन ऑफिसर दीपू चम्याल, ह्यूमना पीपुल टू पीपल इंडिया के टीआई उन्नाव प्रोजेक्ट के प्रोग्राम मैनेजर श्यामा नंद राय, आदित्य समेत संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)