देश के 50 मॉडल शहरों में शामिल हुआ आगरा:स्वच्छता, वायु और जल के क्षेत्र में अच्छे प्रदर्शन के लिए 'प्रगति-50' में शामिल

Sep 29, 2026 - 20:25
0
देश के 50 मॉडल शहरों में शामिल हुआ आगरा:स्वच्छता, वायु और जल के क्षेत्र में अच्छे प्रदर्शन के लिए 'प्रगति-50' में शामिल
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन विकसित भारत के दृष्टिगत देश में 'प्रगति-50' को मंगलवार को लांच कर दिया गया। बीते वर्ष स्वच्छता,जल और वायु के मामले में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 50 शहरों को इसमें शामिल किया गया है। शहर की सफाई व्यवस्था को अब केंद्र सरकार की ‘प्रगति-50’ पहल के तहत विशेष निगरानी मिलेगी। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत देश के चुने गए इन शहरों में आगरा को भी शामिल किया गया है। इसका सीधा असर शहर में कूड़ा उठान, ठोस कचरा प्रबंधन, प्रयुक्त जल प्रबंधन और सैनिटेशन से जुड़े कामों पर पड़ सकता है। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सतेन्द्र सिंह द्वारा जारी पत्र के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई 51वीं प्रगति बैठक में स्वच्छ भारत मिशन-शहरी की समीक्षा के बाद चुनिंदा शहरों में स्वच्छता संबंधी कामों की केंद्रित निगरानी और क्रियान्वयन तेज करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत प्रगति-50 पहल शुरू की जा रही है। कूड़ा उठान और निस्तारण पर बढ़ेगी जवाबदेही नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा, आगरा के लिए पहल का सबसे अहम असर ठोस कचरा प्रबंधन पर पड़ सकता है। शहर में घरों से कूड़ा उठान, उसके पृथक्करण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण से जुड़े कामों की प्रगति को निर्धारित मानकों पर देखा जाएगा। इससे नगर निगम की सफाई व्यवस्था में नियमितता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर रहेगा। सीवेज और प्रयुक्त जल प्रबंधन भी दायरे में प्रगति-50 का दायरा केवल सड़क और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है। प्रयुक्त जल प्रबंधन और सैनिटेशन भी इसकी प्राथमिकताओं में हैं। ऐसे में सीवेज और गंदे पानी के प्रबंधन से जुड़े कार्यों की निगरानी भी महत्वपूर्ण होगी। इसका असर उन इलाकों में दिखाई दे सकता है जहां जल निकासी और सैनिटेशन की समस्या बनी रहती है। निगरानी के लिए तय होंगे मानक मंत्रालय की ओर से पहल के लिए विस्तृत एसओपी और प्रमुख प्रदर्शन संकेतक (केपीआई) जल्द जारी किए जाएंगे। इनके आधार पर शहर की प्रगति की समीक्षा होगी। चयनित शहरों को बेहतर और टिकाऊ स्वच्छता व सेवा वितरण के मॉडल के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रगति-50 में आगरा के साथ उसके अंतर्गत आने वाले सभी नगरीय निकायों को शामिल किया गया है। इससे स्वच्छता संबंधी कामों की निगरानी का दायरा व्यापक होगा और अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा वितरण की स्थिति पर भी ध्यान दिया जा सकेगा। आज हुआ शुभारंभ ‘प्रगति-50’ का शुभारंभ मंगलवार सुबह सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण और राज्य की एसबीएम-यू टीम शामिल रही । कार्यक्रम में राज्यों के नगर विकास मंत्री भी शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User