देवरिया में डीआईजी ने की अपराध समीक्षा:त्योहारों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश, नवरात्रि पंडाल में पैदल गश्त कर परखी व्यवस्था
देवरिया में गोरखपुर परिक्षेत्र के डीआईजी एस. चनप्पा ने शुक्रवार रात 8 बजे पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी की। इसमें मिशन शक्ति अभियान, त्योहारों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने और जनशिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गोष्ठी में एसपी अभिजित आर. शंकर, एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। महिला संबंधी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश डीआईजी ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने और महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने वाले कार्यक्रम बढ़ाने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थानों पर मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों की सक्रियता बनाए रखने तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया। पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर रहेगी निगरानी आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूजा पंडालों, मेला स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने नियमित पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने पर भी जोर दिया। सिरसिया नवरात्रि पंडाल में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा अपराध समीक्षा गोष्ठी के बाद डीआईजी एस. चनप्पा ने एसपी अभिजित आर. शंकर, एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय और पुलिस बल के साथ शुक्रवार रात 10 बजे रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में सिरसिया नवरात्रि महोत्सव पंडाल से थाना गेट तक पैदल गश्त की। इस दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस लाइन में राजपत्रित अतिथि गृह का उद्घाटन डीआईजी ने पुलिस लाइन देवरिया में राजपत्रित अतिथि गृह का उद्घाटन भी किया। पुलिस लाइन पहुंचने पर गार्द ने उन्हें सलामी दी। विभाग के अनुसार, अतिथि गृह बनने से शासकीय कार्यों, निरीक्षण और अन्य आधिकारिक दायित्वों के लिए जिले में आने वाले राजपत्रित अधिकारियों को ठहरने की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी, सीओ भाटपाररानी मनोज कुमार, सीओ लाइन गौरव सिंह, सीओ सलेमपुर, सीओ रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी, सीओ बरहज रंजना सचान, सीओ यातायात सत्येंद्र राय और प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)