दहेज में कार नहीं मिली तो विवाहिता को पीटा:सहारनपुर में पति ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और महिला मित्र ने उसके पेट पर लात मारी, गर्भपात हुआ
सहारनपुर में दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, पति के दूसरी महिला से संबंध होने और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। सहारनपुर की रामबिहार कॉलोनी निवासी विवाहिता सुमन ने पति, सास, ननद और पति की महिला मित्र पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि 6 जून 2026 को पति की महिला मित्र उसके साथ ससुराल पहुंची थी। इस दौरान विवाद होने पर चारों ने उसके साथ मारपीट की। पति ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और महिला मित्र ने उसके पेट पर लात मार दी। इसके बाद उसे पेट में तेज दर्द होने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद लगातार परेशानी रहने और ब्लीडिंग होने के कारण उसका गर्भपात हो गया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना सहारनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। शादी में 20 लाख रुपए खर्च करने का दावा सुमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2025 को उत्तराखंड के ऋषिकेश निवासी अजय कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसके माता-पिता और रिश्तेदारों ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर, कपड़े, सोने-चांदी के जेवर और 10 लाख रुपये उपहार स्वरूप दिए गए थे। पीड़िता के मुताबिक, शादी से पहले उसके परिवार को बताया गया था कि अजय ऋषिकेश के आंध्र आश्रम में मैनेजर के पद पर काम करता है। आरोप है कि शादी के बाद पति अजय, सास कमला देवी और ननद नीलम दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। वे उसे कम दहेज लाने के ताने देते थे और कहते थे कि पुराने जमाने का बेकार सामान दिया है। कहीं और शादी करते तो कार और अच्छा सामान मिलता। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल के लोग उससे कार की मांग करते थे। वह घर बसाए रखने की उम्मीद में उनकी बातें सहन करती रही। पति के दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप सुमन के अनुसार, शादी के कुछ दिन बाद उसे पता चला कि उसका पति किसी आश्रम में मैनेजर नहीं है, बल्कि अपनी निजी कार को बुकिंग पर चलाता है। इसके बाद पति ने उसे नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसे पति के ऋषिकेश निवासी प्रीति नाम की महिला से कथित संबंध होने की जानकारी मिली। जब उसने इस बारे में पति से बात की तो आरोप है कि अजय ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद जनवरी में उसके भाई से एक लाख रुपये लिए गए थे। फरवरी 2026 में प्रीति के मोबाइल नंबर से उसके पास फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाली महिला ने धमकी दी कि यदि उसने अजय को नहीं छोड़ा तो वह और अजय उसे जान से खत्म कर देंगे। सुमन ने इस बारे में अपनी सास और ननद को बताया तो उन्होंने भी उसका साथ देने के बजाय कम दहेज लाने के ताने दिए। आरोप है कि उन्होंने कहा कि वह कुछ लेकर नहीं आई और उल्टा उनके बेटे को बदनाम कर रही है। ससुराल में महिला मित्र के पहुंचने पर हुआ विवाद पीड़िता ने बताया कि इसी दौरान वह गर्भवती हो गई थी। उसका आरोप है कि पति अपनी कमाई का पैसा प्रीति पर खर्च करता था। 6 जून 2026 को प्रीति अजय के साथ उसकी ससुराल पहुंची। इसे लेकर सुमन और ससुराल के लोगों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पति अजय, सास कमला देवी, ननद नीलम और प्रीति ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। अजय ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और प्रीति ने उसके पेट पर जोरदार लात मार दी। इसके बाद उसे तेज दर्द होने लगा और उसकी हालत बिगड़ गई। सुमन के मुताबिक, उसकी हालत बिगड़ने पर पति ने रात में उसके भाई भानू को फोन किया। 7 जून की सुबह भानू ससुराल पहुंचा और परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। पीड़िता का आरोप है कि भाई के सामने भी उसके साथ मारपीट की गई और उसे तथा उसके भाई को बदहवास हालत में घर से बाहर निकाल दिया गया। ब्लीडिंग के बाद गर्भपात होने का आरोप सुमन ने शिकायत में बताया कि घटना के बाद से उसे गर्भावस्था के दौरान लगातार परेशानी बनी रही। उसने अपना इलाज भी कराया, लेकिन ब्लीडिंग होने के कारण गर्भ नहीं बच सका और उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता का कहना है कि इन घटनाओं के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। इसी वजह से वह समय पर पुलिस को शिकायत नहीं दे सकी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दहेज के लालच में उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे उसकी जिंदगी प्रभावित हुई। उसने 15 अगस्त 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर को प्रार्थना पत्र देकर पति अजय कुमार, सास कमला देवी, ननद नीलम और प्रीति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिला थाने में मुकदमा दर्ज पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना सहारनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पति, सास, ननद और पति की महिला मित्र पर लगाए गए आरोपों की जांच की जानी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)