जालौन में सुबह से मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु:उरई और कोंच के सिद्धपीठों में रही रौनक; बड़ी माता मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से सुरक्षा पर सवाल

Oct 11, 2026 - 07:44
0
जालौन में सुबह से मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु:उरई और कोंच के सिद्धपीठों में रही रौनक; बड़ी माता मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से सुरक्षा पर सवाल
जालौन में आद्यशक्ति की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र रविवार से जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया। नवरात्र के पहले दिन प्रतिपदा पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही शहरों और ग्रामीण इलाकों के देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। घंटा-घड़ियालों की गूंज और ‘जय माता दी’ के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गए। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पूजा की थाली, कलश, नारियल, चुनरी और फूल लेकर माता के दरबार पहुंचे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। कई भक्तों ने व्रत का संकल्प लेकर नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने की शुरुआत की। प्राचीन सिद्धपीठों में उमड़े श्रद्धालु जिला मुख्यालय उरई के साथ कोंच नगर के ऐतिहासिक मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। कोंच के प्रसिद्ध बड़ी माता मंदिर, हुल्का माता मंदिर, मां सिंहवाहिनी मंदिर और मौनी बाबा संकटा देवी मंदिर में विशेष रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाते हुए कलश पूजन किया और व्रत का संकल्प लिया। मान्यता है कि इन प्राचीन सिद्धपीठों में सच्चे मन से मां के सामने शीश नवाने पर मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। पूजा पंडालों में स्थापित होंगी मां दुर्गा की प्रतिमाएं नवरात्र को लेकर नगर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इन्हें आकर्षक विद्युत झालरों और फूलों से सजाया गया है। शाम को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके बाद नौ दिनों तक पंडालों में भजन-कीर्तन और डांडिया सहित धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। नवरात्र का पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करता है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। पुलिस मुस्तैद, बड़ी माता मंदिर में सीसीटीवी कैमरों का अभाव नवरात्र को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जालौन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थलों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि भीड़ के दौरान व्यवस्था बनी रहे। हालांकि, कोंच के ऐतिहासिक बड़ी माता मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने का मुद्दा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा रहा है। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में निगरानी के लिए कैमरों की व्यवस्था न होना सुरक्षा के लिहाज से सवाल खड़े करता है। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज जांच में मददगार हो सकती है। स्थानीय स्तर पर मंदिर में निगरानी व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User