डिबाई विधायक सीपी सिंह की हालत खतरे से बाहर:गंगा एक्सप्रेस-वे पर कल हुआ था हादसा, दिल्ली AIIMS में भर्ती; हालत खतरे से बाहर

Sep 27, 2026 - 14:14
0
डिबाई विधायक सीपी सिंह की हालत खतरे से बाहर:गंगा एक्सप्रेस-वे पर कल हुआ था हादसा, दिल्ली AIIMS में भर्ती; हालत खतरे से बाहर
बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 63 वर्षीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी (सीपी सिंह) शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत दिल्ली स्थित AIIMS के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। विधायक के पीआरओ और पुलिस के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है। ​यह हादसा शनिवार शाम जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर हापुड़ सीमा के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। विधायक सुबह 11 बजे लखनऊ से गाजियाबाद के लिए अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से रवाना हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के दौरान करीब 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही कार का अगला टायर जलभराव वाले स्थान पर अचानक धमाके के साथ फट गया। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराया। ​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे का पोल टूट गया और गाड़ी का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान कार के चारों एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में विधायक सीपी सिंह के अलावा उनके पीआरओ अनूप कुमार और गनर राजेश सिंह भी घायल हुए हैं, जबकि ड्राइवर विनोद कुमार बाल-बाल बच गया। ​हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को कार से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को एक्सप्रेस-वे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। ​एसपी सिटी अभिषेक प्रताप और विधायक के पीआरओ अनूप कुमार ने पुष्टि की है कि डॉक्टरों की टीम घायलों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी की स्थिति नियंत्रण में है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User