दिल्ली जा रहे AAP नेता फैसल को पुलिस ने रोका:रामपुर से जंतर-मंतर पर CEC के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे
रामपुर में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल खां लाला को गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे पुलिस ने दिल्ली जाने से रोक दिया। फैसल खां लाला अपने घर से पार्टी के जिला अध्यक्ष के साथ राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उन्होंने मीडिया को इसकी जानकारी दी। हालांकि, पुलिस की ओर से रात की कार्रवाई को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। फैसल खां लाला ने बताया कि वह पार्टी के जिला अध्यक्ष के साथ दिल्ली में सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। उनका कहना है कि रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया, जिसके बाद वह दिल्ली नहीं जा सके। उन्होंने शुक्रवार शाम मीडिया के सामने पूरी घटना की जानकारी साझा की। इसी बीच फैसल खां लाला ने आम आदमी पार्टी की नेशनल काउंसिल की जूम मीटिंग में शामिल होने की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सम्मान और जिम्मेदारी की बात है कि उन्हें आम आदमी पार्टी की नेशनल काउंसिल का सदस्य बनने का अवसर मिला है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए सांसद संजय सिंह और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। फैसल खां लाला ने कहा कि नेशनल काउंसिल की सदस्यता उनके लिए सिर्फ पद नहीं है, बल्कि जनता के हक की आवाज को और मजबूती से उठाने की नई जिम्मेदारी है। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन और पुलिस द्वारा रोके जाने की घटना को लेकर शुक्रवार को रामपुर में राजनीतिक चर्चा रही। फैसल खां लाला ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। पुलिस की ओर से फैसल खां लाला को किस स्थान पर और किन कारणों से रोका गया, इस संबंध में शुक्रवार शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। ऐसे में कार्रवाई के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)