कैलाश बाग दुर्गा पूजा पंडाल से निकली कलश शोभायात्रा:हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, बच्चियों के डांडिया और भारत माता की झांकी ने मोहा मन
गोंडा में शारदीय नवरात्र की शुरुआत श्रद्धा और उल्लास के साथ हुई। पहले दिन मंदिरों और पूजा पंडालों में घटस्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। इसी क्रम में करनैलगंज के प्रसिद्ध कैलाश बाग दुर्गा पूजा पंडाल से रविवार दोपहर 2:30 बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत स्थानीय गायत्री माता मंदिर से हुई। जय माता दी के जयकारों से गूंजा नगर गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन के साथ शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। मां भगवती के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सिर पर कलश लेकर चलीं महिलाएं शोभायात्रा में महिलाएं पीले और लाल वस्त्र पहनकर सिर पर मंगल कलश धारण किए कतारबद्ध होकर चल रही थीं। वे मां के मंगल गीत गा रही थीं। यात्रा में नन्हीं बच्चियों का डांडिया नृत्य और भारत माता की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही। पिंडियों के साथ विराजमान हुईं मां दुर्गा आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष कैलाश बाग पंडाल में मां दुर्गा पिंडियों के साथ विराजमान हुई हैं। नवरात्र के नौ दिनों तक यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां के नौ स्वरूपों का विशेष पूजन और अनुष्ठान किया जाएगा। आयोजन में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद शोभायात्रा में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल, सरदार जोगिंदर सिंह जानी, राजू मोदनवाल, जूली सोनी, ज्ञान प्रकाश मिश्रा, अशोक सिंघानिया, गणेश वैश्य, धर्मेंद्र सिंह फौजी, अरविंद गिरी, आशीष गिरी और अनोखेलाल मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के दौरान स्थानीय प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)