डीपीएसजी में सड़क सुरक्षा सत्र, छात्रों को दिए अहम नियम:'हेलमेट मैन' राघवेंद्र कुमार ने हेलमेट-सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया

Oct 01, 2026 - 18:47
0
डीपीएसजी में सड़क सुरक्षा सत्र, छात्रों को दिए अहम नियम:'हेलमेट मैन' राघवेंद्र कुमार ने हेलमेट-सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया
गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेरठ रोड में सात्विक साथी मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर में हेलमेट के प्रति लोगों को जागरूक करने वाले ‘हेलमेट मैन ऑफ इंडिया’ राघवेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें सड़क पर सुरक्षित रहने के जरूरी नियमों की जानकारी दी। सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में वाहन चलाते या सड़क पार करते समय यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के साथ ही लेन अनुशासन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर आसपास के वाहनों व पैदल यात्रियों के प्रति सतर्क रहने के बारे में जानकारी दी गई। राघवेंद्र कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि हेलमेट केवल यातायात पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सिर की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति वासन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और अपने अनुभव साझा किए। संवाद और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि सड़क पर सतर्कता बरतना स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, जागरूकता सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षित यातायात व्यवहार की आदत विकसित करना और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User