दो साल पहले लापता हुआ युवक नोएडा में मिला:परिवार से छुपकर नौकरी कर रहा था, पत्नी ने पति-सास पर साजिश का आरोप लगाया

Sep 28, 2026 - 21:16
0
दो साल पहले लापता हुआ युवक नोएडा में मिला:परिवार से छुपकर नौकरी कर रहा था, पत्नी ने पति-सास पर साजिश का आरोप लगाया
लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र से साल 2024 में लापता हुआ युवक करीब दो साल बाद नोएडा में सकुशल मिल गया। पुलिस ने उसे करीब एक माह पहले बरामद किया था। अब उसकी पत्नी ने पति और सास पर साजिश के तहत खुद के लापता होने का आरोप लगाया है। पत्नी की तहरीर पर अलीगंज पुलिस ने सोमवार को पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अलीगंज सेक्टर-ई निवासी मोहित कपिल साल 2024 में लापता हो गए थे। उनकी पत्नी आकांक्षा कपिल ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आकांक्षा नाबालिग बेटे के साथ ससुराल में ही रह रही थीं। इस दौरान उन्हें जानकारी हुई कि मोहित अपनी मां अरुणा कपिल से फोन पर बातचीत करता है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने करीब एक माह पहले मोहित को नोएडा से बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि वह वहां एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। पत्नी का आरोप-जानबूझकर खुद को छिपाए रखा आकांक्षा का आरोप है कि मोहित ने अपनी मां अरुणा के साथ मिलकर लापता होने की साजिश रची थी। दोनों ने सोचा था कि मोहित कुछ समय तक नहीं मिलेगा तो वह परेशान होकर बेटे के साथ आत्मघाती कदम उठा लेंगी। आरोप है कि मोहित ने सात सितंबर 2024 से 20 अगस्त 2026 तक पत्नी से कोई संपर्क नहीं किया, जबकि चोरी-छिपे अपनी मां से फोन पर बातचीत करता रहा। दोनों ने मिलकर पुलिस को भी गुमराह किया। आकांक्षा ने पति और सास पर मारपीट करने और उनके गहने अपने पास रखने का भी आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार ने बताया कि पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User