डुगडुगी बजाकर शातिर अपराधी जिला बदर:6 महीने के लिए जिले से निष्कासित, आपराधिक रिकॉर्ड के चलते कार्रवाई

Sep 25, 2026 - 18:18
0
डुगडुगी बजाकर शातिर अपराधी जिला बदर:6 महीने के लिए जिले से निष्कासित, आपराधिक रिकॉर्ड के चलते कार्रवाई
पीलीभीत में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार दोपहर अमरिया कस्बे में पुलिस ने डुगडुगी बजाकर एक शातिर अपराधी को जिला बदर करने की मुनादी की, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। अमरिया थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर 2 बजे सार्वजनिक जगहों पर मुनादी की। पुलिस ने असगर अली पुत्र बदुल्लाहशाह को अगले 6 महीने के लिए पीलीभीत जिले की सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस ने बाजार के बीच में आदेश पढ़कर सुनाया और लोगों को बताया कि यह अपराधी अगले छह महीने तक जिले में नहीं आ सकेगा। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर आरोपी को किसी मुकदमे के लिए कोर्ट में पेश होना पड़ा, तो वह अपने वकील के जरिए ही नियमों के हिसाब से आ सकेगा। कोर्ट की कार्यवाही खत्म होते ही उसे बिना देर किए तुरंत जिले की सीमा से बाहर जाना होगा। असगर अली का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, उस पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। अमरिया थाने में ही उसके खिलाफ 2018 में धोखाधड़ी की धाराओं 420 और 406 के दो मामले दर्ज हुए थे। इसके बाद 2019 में मारपीट और एससी/एसटी एक्ट का केस भी उस पर लगा। हाल ही में 2023 में उस पर सीआरपीसी की धारा 110 जी के तहत भी कार्रवाई हुई थी। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना जगाने के लिए जरूरी माना जा रहा है। पुलिस ने साफ कहा है कि आपराधिक लोगों पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिला बदर किए गए आरोपी पर पुलिस की कड़ी नजर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User