एएमयू में कक्षाएं बंद कराने पहुंचे छात्रों पर एफआईआर:छात्रसंघ के लिए चल रहे धरने के बीच प्रॉक्टर कार्यालय की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में लिखा गया तीसरा मुकदमा

Oct 02, 2026 - 08:30
0
एएमयू में कक्षाएं बंद कराने पहुंचे छात्रों पर एफआईआर:छात्रसंघ के लिए चल रहे धरने के बीच प्रॉक्टर कार्यालय की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में लिखा गया तीसरा मुकदमा
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्र यूनियन बहाली और चुनाव की मांग को लेकर चल रहा धरना अब कैंपस की पढ़ाई तक पहुंच गया है। बुधवार को कुछ छात्रों पर सांख्यिकी विभाग में पहुंचकर कक्षाएं बंद कराने की कोशिश और विरोध करने वाले छात्रों से मारपीट व धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में एएमयू प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से देर रात करीब डेढ़ बजे थाना सिविल लाइंस में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई गई। धरना स्थल से जुड़े घटनाक्रम में यह तीसरी एफआईआर है। एफआईआर के मुताबिक, 30 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे सांख्यिकी विभाग में कुछ छात्र पहुंचे और वहां चल रही नियमित कक्षाओं को बंद कराने का प्रयास किया। आरोप है कि समूह विभाग के कक्ष संख्या L-8 में जबरन घुस गया। उस समय कक्षा चल रही थी। छात्रों ने कक्षा बंद कराने का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। विरोध करने पर छात्रों को घेरा, मारपीट और धमकी का आरोप प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि समूह ने एक राय होकर कक्षा में मौजूद छात्रों के साथ मारपीट की। छात्रों को घेरकर धमकाया गया और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। तहरीर में कहा गया है कि इस घटना से छात्रों में भय का माहौल बना और उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई। इतना ही नहीं, आरोपियों पर यह भी धमकी देने का आरोप है कि आने वाले दिनों में जो छात्र कक्षाओं में आएंगे, उनके साथ दोबारा मारपीट की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे शैक्षणिक गतिविधियों में बाधा डालने वाला गंभीर मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 7 छात्र नामजद प्रॉक्टर कार्यालय की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में दिलकश नवाज पुत्र मेराज खान, हुरेरा जियाउद्दीन पुत्र सलीम जावेद, बिलाल अहमद जावेद पुत्र अनीस अहमद जावेद, नबील आलम पुत्र गुलाम हुसैन, साहिल सिराज पुत्र सिराज अहमद, मोहम्मद कैफ सिद्दीकी और नवेद अहमद को नामजद किया गया है। एएमयू में छात्र यूनियन की बहाली, चुनाव की घोषणा और निलंबित छात्र यासिर फहाद का निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर कई दिनों से धरना चल रहा है। आंदोलन के बीच अब कक्षाओं को लेकर सामने आए इस घटनाक्रम ने विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच टकराव की स्थिति को और बढ़ा दिया है। एफआईआर के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User