एक महीने की बच्ची को लेकर CMO ऑफिस पहुंचे परिजन:मोहनलालगंज में प्रसव के बाद महिला की मौत, अस्पताल पर कार्रवाई की मांग
लखनऊ में मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को मृतका की मां एक महीने की दुधमुंही बच्ची को लेकर CMO ऑफिस पहुंचीं। अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी। आरोप है कि कर्मचारियों ने उन्हें CMO से मिलने तक नहीं दिया। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अस्पताल पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे CMO कार्यालय में धरना देंगे। 25 हजार रुपये जमा कराकर किया था भर्ती मोहनलालगंज के टिकरा साहनी गांव निवासी संदीप की पत्नी प्रीति को प्रसव पीड़ा होने पर 6 सितंबर को जनसेवा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, प्रसव के लिए अस्पताल में 25 हजार रुपये जमा कराए गए थे। प्रसव के बाद प्रीति की हालत बिगड़ गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें क्वीनमेरी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि आधी रात को क्वीनमेरी पहुंचने पर आसानी से बेड नहीं मिला। इसके बाद वे प्रीति को मेदांता अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने इसके लिए जनसेवा हॉस्पिटल के इलाज में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। CMO से नहीं मिलने देने का आरोप सोमवार दोपहर मृतका की मां माधुरी अपनी एक माह की नातिन को लेकर CMO डॉ. एनबी सिंह से मिलने पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि कार्यालय के कर्मचारियों ने उन्हें CMO कक्ष में जाने नहीं दिया। इसके बाद लेवल-1 ग्रेड के जूनियर डॉक्टर संदीप सिंह ने परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने उनके सामने रोते-बिलखते हुए अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। CMO डॉ.एनबी सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच में लापरवाही के आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)