एमएलसी चुनाव में भाजपा का ‘3 टच’ प्लान:अलीगढ़ मंडल की बैठक में बनी रणनीति, हर वोटर तक मतदान से पहले तीन बार पहुंचेंगे कार्यकर्ता

Sep 30, 2026 - 15:34
0
एमएलसी चुनाव में भाजपा का ‘3 टच’ प्लान:अलीगढ़ मंडल की बैठक में बनी रणनीति, हर वोटर तक मतदान से पहले तीन बार पहुंचेंगे कार्यकर्ता
विधान परिषद चुनाव में वोट को लेकर भाजपा ने बूथ स्तर पर ‘3 टच’ प्लान तैयार किया है। भाजपा ने बुधवार को अलीगढ़ मंडल के पांचों संगठनात्मक जिलों की बैठक कर चुनावी रणनीति को जमीन तक पहुंचाने की कवायद शुरू कर दी। आगरा रोड स्थित गेस्टहाउस में हुई बैठक में अलीगढ़ जिला, अलीगढ़ महानगर, हाथरस, एटा और कासगंज के जिलाध्यक्षों के साथ जिला व विधानसभा स्तर के संयोजक-प्रभारियों को बूथवार जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी ने स्पष्ट रणनीति बनाई कि बूथ पर दर्ज प्रत्येक वोटर तक चुनाव से पहले कम से कम तीन बार संपर्क किया जाएगा। बैठक में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, क्षेत्रीय प्रभारी सांसद गीता शाक्य समेत प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए। बताया गया कि एक बूथ की एक पन्ने पर करीब 60 वोटरों का विवरण है। बूथ प्रभारी और संयोजकों को इन सभी वोटरों से व्यक्तिगत संपर्क बनाने और लगातार समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। हर वोटर तक पहुंचेगा संगठन का संदेश बैठक में विधानसभा और जिला स्तर के संयोजकों से कहा गया कि संगठन की ओर से दिए जा रहे चुनावी संदेश को किसी भी स्थिति में बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए। पदाधिकारियों के बीच लगातार समन्वय रखने और वोटरों से संपर्क का रिकॉर्ड मजबूत रखने पर जोर दिया गया। पार्टी की रणनीति है कि मतदान तक प्रत्येक मतदाता से कम से कम तीन बार संपर्क कर उसे संगठन से जोड़ा जाए। 3 अक्टूबर को अलीगढ़ से आगरा तक शक्ति प्रदर्शन की तैयारी बैठक में 3 अक्टूबर को एमएलसी चुनाव के नामांकन के लिए आगरा जाने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। स्नातक खंड के भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह अलीगढ़ से नामांकन के लिए रवाना होंगे। अलीगढ़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को आगरा ले जाने की तैयारी है। इसे जुलूस के रूप में निकाला जाएगा। कार्यकर्ताओं का जुटान मडराक स्थित गेस्टहाउस से होगा। यहां से जुलूस हाथरस, सासनी, सादाबाद और खंदौली होते हुए आगरा कमिश्नरी पहुंचेगा। बैठक में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाने के निर्देश दिए गए। ‘स्नातक सीट दोबारा, शिक्षक सीट पहली बार जीतेंगे’ क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी ने कहा कि संगठन के सामने चुनाव को लेकर स्पष्ट लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा स्नातक सीट पर दोबारा जीत दर्ज करेगी और शिक्षक सीट भी इस बार अपने नाम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ बूथ स्तर पर जुटने और आपसी समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। बैठक में ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह, अलीगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, महामंत्री शिवनारायण शर्मा, गौरव शर्मा, चुनमुन शर्मा, अवध सिंह बघेल, राव अवतार शर्मा, प्रमेंद्रपाल सिंह गुड्डू, पीयूष दत्त शर्मा, सुशील गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। हाथरस से शरद माहेश्वरी, गौरव आर्य समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का संचालन ब्रज क्षेत्र महामंत्री मधुलिका राघव ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User