एंटी-वेनम की जगह एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया:8 दिन वेंटिलेटर पर रहा 4 साल का अदीब, 9 दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
सम्भल ज़िला मुख्यायल से 35 किलोमीटर दूर कैलादेवी थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव निवासी चार वर्षीय अदीब को इलाज के बाद गुरुवार को 7 बजे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। करीब 8 दिन तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद अदीब अब अपने घर पहुंच गया है। परिजनों के मुताबिक, अदीब अब बोल भी रहा है और उसकी हालत पहले से काफी बेहतर है। अदीब की मां ने बताया- जब हम अदीब को यहां लेकर आए थे, तब उसकी हालत बहुत खराब थी। अब अदीब बोल भी रहा है। डॉक्टरों ने कहा था कि इसे सांप ने नहीं काटा है, बल्कि किसी ततैया जैसे कीड़े ने काटा है। हालांकि, हमें शक था कि उसे सांप ने काटा है। उन्होंने बताया कि घर ले जाने के बाद दवा खिलाने पर अदीब की हालत और बिगड़ गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब आठ दिन बाद उसे वेंटिलेटर से हटाया गया। अब उसकी हालत में सुधार है और उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। दरअसल, 21 सितंबर को जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर तहसील सम्भल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव में करीब डेढ़ बजे अबुल हसन का चार वर्षीय बेटा अदीब घर के आंगन में कंचे खेल रहा था। इसी दौरान उसकी उंगली में किसी जीव के काटने की घटना हुई। अदीब के चाचा तबारक हुसैन उसे इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। परिजनों ने आरोप लगाया था कि बच्चे को सांप ने काटा है, लेकिन अस्पताल में उसे एंटी-वेनम के बजाय एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जाने की बात सामने आई थी। मामला सामने आने के बाद सीएमओ ने जांच कराई। जांच में फार्मासिस्ट मनोज कुमार को दोषी पाए जाने की बात कही गई थी। वहीं, सीएमओ तरुण पाठक ने बताया था कि बच्चे को सांप या कुत्ते ने नहीं काटा था। उनके अनुसार, किसी ततैया जैसे कीड़े के काटने से बच्चे की उंगली में सूजन आई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)