एसएसपी ने अपराध रोकने और कानून व्यवस्था पर की समीक्षा:बढ़ियाकाम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया
मथुरा में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन मथुरा के सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने जनपद में अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। वांछित एवं सक्रिय अपराधियों को चिह्नित कर उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाली प्रत्येक शिकायत और प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में उसका निस्तारण किया जाए। पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उन्हें न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। महिला अपराधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया। बैठक में गंभीर अपराधों के त्वरित एवं सफल अनावरण पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने, त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने तथा विभिन्न गंभीर अपराधों का त्वरित एवं सफल अनावरण करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारीगण को उनकी उत्कृष्ट कर्तव्यपरायणता, पूर्ण मनोयोग एवं प्रतिबद्धता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए इसी तरह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)