एटा में लेखपालों ने किया प्रदर्शन:17 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी, 2800 ग्रेड पे समेत 7 मांगें उठाईं
एटा में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। शनिवार दोपहर 2 बजे जिले की तीनों तहसीलों में लेखपालों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो 17 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर में संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। राजस्व के कई काम लेखपालों के जिम्मे संघ ने कहा कि राजस्व प्रशासन में लेखपालों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान हित के काम, राजस्व अभिलेखों के अद्यतन, वरासत, नामांतरण और पैमाइश जैसे काम लेखपाल करते हैं। ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी रहती है। बढ़ते कार्यभार के बावजूद पर्याप्त संसाधन नहीं मिलने का आरोप लगाया। 2800 ग्रेड पे और वेतन विसंगति दूर करने की मांग संघ ने कई वर्षों से लंबित 2800 ग्रेड पे की मांग उठाई। साथ ही वेतन विसंगति दूर करने की मांग की। संघ के अनुसार लेखपालों के कार्य और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ी हैं। ऐसे में प्रारंभिक वेतनमान में सुधार जरूरी है। आठ साल से अंतर्मंडलीय स्थानांतरण लंबित संघ ने करीब आठ साल से अंतर्मंडलीय स्थानांतरण नहीं होने पर नाराजगी जताई। बताया कि वर्ष 2025 में 2,669 लेखपालों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था। प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। संघ ने ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलकर गृह मंडल में स्थानांतरण का अवसर देने की मांग की। पदोन्नति और विभागीय परीक्षा के परिणाम जारी हों लेखपालों ने चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करने और डीपीसी प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। नव नियुक्त लेखपालों की विभागीय परीक्षा के परिणाम और प्रमाणपत्र जारी करने की भी मांग की गई। संघ ने स्थायीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा। ग्राम सचिवालयों में सुविधाएं देने की मांग संघ ने ग्राम सचिवालयों में पर्याप्त कक्ष, कंप्यूटर, इंटरनेट, बिजली, पेयजल और शौचालय की सुविधा देने की मांग की। अभिलेखों की सुरक्षा की व्यवस्था करने को भी कहा। लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित कर लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। भत्ते बढ़ाने समेत कई मांगें लेखपालों ने स्टेशनरी भत्ता 100 से बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रतिमाह करने की मांग की। मोटरसाइकिल वाहन भत्ता 1,500 रुपए और विशेष भत्ता 100 से बढ़ाकर 1,000 रुपए करने को कहा। पटल सहायक और प्रभारी राजस्व निरीक्षक के कार्य से जुड़े लेखपालों को इन जिम्मेदारियों से अवमुक्त करने की मांग भी की गई। 17 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा ने बताया कि संगठन चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है। तहसील अलीगंज में एक दिवसीय धरना और संपूर्ण समाधान दिवस के बहिष्कार के बाद 24 अक्टूबर से जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)