गाजियाबाद में अंबेडकर प्रतिमा पर गंदगी फेंकी:एक व्यक्ति हिरासत में, पुलिस पूछताछ कर रही, सुरक्षा बढ़ाई गई
गाजियाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र के नवयुग मार्केट स्थित पार्क में डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ किए जाने का मामला में समिति की ओर से 28 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। डॉ. बीआर अंबेडकर जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष के अनुसार, 28 सितंबर की रात कुछ अज्ञात लोगों ने प्रतिमा पर गंदगी फेंककर उसे विकृत करने का प्रयास किया। सुबह घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोग और समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। समिति और स्थानीय निवासियों ने पार्क में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने मौके पर सुरक्षा भी बढ़ा दी। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मामले में मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आयुष नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसकी भूमिका के साथ ही घटना में अन्य लोगों के शामिल होने की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)