गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि:प्रतापगढ़ में एसपी समेत अधिकारियों ने शपथ ली, उत्कृष्ट सेवा पदक भी दिए

Oct 02, 2026 - 11:28
0
गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि:प्रतापगढ़ में एसपी समेत अधिकारियों ने शपथ ली, उत्कृष्ट सेवा पदक भी दिए
प्रतापगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को नमन किया। एसपी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह और स्वच्छता के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया। इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के आदर्शों पर चलने तथा अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार एवं आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि पुलिस सत्य, अहिंसा, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जिले में कानून-व्यवस्था, शांति, सौहार्द और आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में एएसपी पूर्वी आलोक कुमार, एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय, एएसपी/सीओ रानीगंज प्रशांत राज, सीओ नगर आशुतोष मिश्रा, सीओ 112 प्रेमप्रकाश सिंह, सीओ यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजीव राय समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User