गौकशी के मामले में 50-हजार का इनामी हरियाणा से गिरफ्तार:फरीदाबाद में पहचान छिपाकर कर रहा था काम, कौशांबी पुलिस ने जेल भेजा
कौशांबी में गौकशी के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने 8 महीने बाद हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र से गुरुवार को पकड़ा। पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया। गाय चोरी की सूचना पर दर्ज हुआ था मुकदमा पुलिस के अनुसार 24 फरवरी 2026 को मंझनपुर थाना क्षेत्र के एदीलपुर निवासी बुदुन लाल पुत्र मैकूलाल ने सूचना दी थी कि 22 फरवरी की रात अज्ञात लोग उनकी गाय चोरी कर ले गए हैं। सूचना के आधार पर मंझनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में मोनू, अवसाब और अदीब के नाम सामने आए। आरोपियों के खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गईं। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोनू पुत्र मल्हू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अवसाब पुत्र मंजूर अली लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। फरीदाबाद में काम करने की मिली सूचना पुलिस के मुताबिक मंझनपुर पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि इनामी आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद में रह रहा है और वहीं काम कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम हरियाणा पहुंची और सेक्टर-25 कृष्णा नगर, बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवसाब पुत्र मंजूर अली उर्फ मुतन, निवासी काशीराम कॉलोनी, समदा, थाना मंझनपुर, कौशांबी के रूप में हुई है। मारपीट से लेकर गौवध के कई मुकदमे पुलिस के अनुसार अवसाब के खिलाफ मंझनपुर थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, एससी-एसटी एक्ट, चोरी और गौवध निवारण अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। सीओ सदर सौरभ सामंत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उसे जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)