गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम कर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन:बारिश के 8 दिन बीतने के बाद भी लाइट नहीं आई, जाम से जूझते रहे लोग

Oct 02, 2026 - 08:47
0
गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम कर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन:बारिश के 8 दिन बीतने के बाद भी लाइट नहीं आई, जाम से जूझते रहे लोग
गोंडा जिले में अर्बन चक्रवात तूफान के कारण कई गांवों में आठ दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। बिजली नहीं आने से ग्रामीणों और उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आठ दिन बीत जाने के बावजूद विद्युत आपूर्ति बहाल न होने से नाराज मोकलपुर, नगरा, मसौली समेत करीब 10 गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार देर रात गोंडा-लखनऊ हाईवे को चौपाल सागर के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन करीब डेढ़ घंटे तक चला। ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण गोंडा से लखनऊ और लखनऊ से गोंडा आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। चौपाल सागर के पास हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बहाल न होने को लेकर पुलिसकर्मियों से भी बहसबाजी की। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और 'बिजली विभाग मुर्दाबाद' के नारे लगाए। पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को हाईवे से हटाने में सफल न हो, इसके लिए प्रदर्शनकारियों ने अपनी मोटरसाइकिलें भी सड़क पर खड़ी कर दी थीं। ग्रामीण मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। करीब डेढ़ घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद गोंडा नगर कोतवाली क्षेत्र के एससीपीएम चौकी प्रभारी शिवम गुप्ता ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की और ग्रामीणों को जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने हाईवे से अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया और रात करीब 12 बजे अपने घरों की ओर लौट गए। चौकी प्रभारी शिवम गुप्ता ने बताया कि आठ दिनों से बिजली न मिलने के कारण ग्रामीण परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम किया था। बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। उन्होंने बताया कि तूफान के कारण कई विद्युत पोल टूटकर गिर गए हैं, जिसके चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। बिजली विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User