गोंडा में 11 किलो चरस के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार:21 पैकेट में थी 10.936 किलो खेप; अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ से ज्यादा

Sep 29, 2026 - 18:30
0
गोंडा में 11 किलो चरस के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार:21 पैकेट में थी 10.936 किलो खेप; अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ से ज्यादा
गोंडा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को मंगलवार शाम बड़ी सफलता मिली। नगर कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी की संयुक्त टीम ने शाम करीब 5:10 बजे गोंडा रेलवे गेस्ट हाउस के पास घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 21 पैकेटों में रखी 10.936 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपए से अधिक है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई इयॉन कार और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बिहार से सस्ते दाम में लाकर यूपी में बेचता था गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिर्जेश कुमार वर्मा पुत्र राघव राम वर्मा, निवासी ग्राम बिसवां गनेश, थाना कोतवाली देहात, गोंडा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बिहार के खजुरिहा क्षेत्र से सस्ते दामों में चरस खरीदकर लाता था और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को भी वह चरस की बड़ी खेप लेकर गोंडा में एक ग्राहक को सप्लाई करने जा रहा था। 2 हजार रुपए प्रतिदिन किराए पर ली थी कार पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी ने उत्तम सक्सेना नामक व्यक्ति से सफेद रंग की हुंडई इयॉन कार 2 हजार रुपए प्रतिदिन के किराए पर ली थी। इसी कार से वह चरस की खेप लेकर जा रहा था। सटीक सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने रेलवे गेस्ट हाउस के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में कार से 21 पैकेटों में रखी 10.936 किलोग्राम चरस, ओप्पो मोबाइल फोन और कार बरामद हुई। न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार मालिक से भी होगी पूछताछ नगर कोतवाल विंधेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी गंभीरता से जांच कर रही है। जिस व्यक्ति से आरोपी ने कार किराए पर ली थी, उससे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User