गोंडा में आज से बदला स्कूलों का समय:1 अक्टूबर से सुबह 9 से शाम 3 बजे तक कक्षाएं, 31 मार्च तक लागू
गोंडा जिले के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में आज गुरुवार 1 अक्टूबर से बड़ा संशोधन लागू किया गया है। मौसम में आ रहे बदलाव व आगामी शीतकालीन सत्र के दृष्टिगत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अमित कुमार सिंह ने आज सुबह गुरुवार सुबह 8.30 बजे एक नया रोस्टर जारी कर दिया है। यह व्यवस्था आगामी 31 मार्च तक प्रभावी रहेगी। जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, अब स्कूल प्रातः 9:00 बजे खुलेंगे और अपराह्न 3:00 बजे शिक्षण कार्य समाप्त होने पर अवकाश होगा। दैनिक कार्यक्रम के तहत शुरुआती 15 मिनट (9:00 से 9:15 बजे) प्रार्थना सभा, राष्ट्रगान,प्रतिज्ञा,योगाभ्यास के लिए नियत किए गए हैं। इसके उपरांत नियमित शैक्षणिक कक्षाएं चलेंगे। दोपहर 12:00 से 12:30 बजे तक आधे घंटे का मध्याह्न भोजन (इंटरवल) रहेगा,जिसमें छात्रों को पीएम पोषण योजना का आहार परोसा जाएगा। शेष बचे पीरियड दोपहर तीन बजे तक संपन्न होंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीण व सुदूर इलाकों से आने वाले नौनिहालों को पूर्व निर्धारित सुबह आठ बजे पहुंचने में सर्दी व घने कोहरे के कारण स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें पेश आती थीं। बाल सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रीष्मकालीन समय-सारणी को निरस्त कर शीतकालीन कैलेंडर लागू किया गया है। शिक्षक समुदाय ने निर्णय का स्वागत किया प्रशासन ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों,सहायक अध्यापकों,शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को तय समय पर उपस्थिति दर्ज कराने का कड़ा निर्देश दिया है। परिसर में शिक्षकों के विलंब से पहुंचने या अनाधिकृत अनुपस्थिति पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इधर शिक्षक समुदाय ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है। अटेवा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमर यादव ने कहा कि शीत सत्र के लिए 31 मार्च तक प्रभावी यह फेरबदल बेहद व्यावहारिक कदम है। विद्यालय में उपस्थिति बेहतर इससे न केवल पठन-पाठन सुचारू होगा, बल्कि भोर के समय आवागमन की समस्या से जूझ रहे छात्र-छात्राओं की विद्यालय में उपस्थिति भी बेहतर होगी। संगठन इस व्यवस्था का पूर्ण समर्थन करता है। जिले के सभी संबंधित संस्थानों को तत्काल प्रभाव से नई सारणी का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)