गोंडा में आज से खेत-मकान के लिए जमीन खरीदना महंगा:सर्किल रेट में 5 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी, नगरीय एवं अयोध्या से सटे इलाकों में बड़ा इजाफा
गोंडा में यदि आप जिले में खेती के लिए जमीन या अपना आशियाना बनाने के लिए प्लॉट खरीदने की योजना बना रहे हैं,तो यह खबर आपकी जेब पर सीधा असर डालने वाली है। क्योंकि जिले में आज मंगलवार सुबह 8.30 बजे से जमीन का क्रय-विक्रय पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है। राजस्व व निबंधन विभाग द्वारा जिले की चारों तहसीलों में भूमि की वर्तमान मूल्यांकन दरों (सर्किल रेट) में 5 से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने नई मूल्यांकन दरों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। आम जनता की सुविधा और जानकारी के लिए नई दरों की विस्तृत सूची सभी उप-निबंधक कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है। राजस्व विभाग के अनुसार,नगरीय क्षेत्रों में अकृषक भूमि की मूल्यांकन दरों में ₹2,000 से लेकर ₹6,000 प्रति वर्ग मीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।विशेष रूप से अयोध्या जिले की सीमा से सटे लोलपुर के अर्द्धनगरीय क्षेत्र में दरों में भारी बदलाव देखा गया है। आवासीय दरें की बात करें तो लोलपुर में मकान बनाने के लिए निर्धारित सर्किल रेट को ₹6,900 प्रति वर्ग मीटर से बढ़ाकर अब ₹7,600 प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है।व्यावसायिक दरें की बात करें तो व्यावसायिक उपयोग के लिए निर्धारित दर ₹13,000 प्रति वर्ग मीटर से बढ़ाकर ₹15,000 प्रति वर्ग मीटर तय की गई है। कृषि भूमि की बात करें तो इसी क्षेत्र में खेती के लिए सर्किल रेट प्रति हेक्टेयर ₹45 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख कर दिया गया है। नवाबगंज और प्रमुख मार्गों पर भी बढ़े दाम नवाबगंज गिर्द क्षेत्र में व्यावसायिक भवनों के लिए निर्धारित दर को ₹25,000 से बढ़ाकर सीधे ₹27,000 प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है।इसके अलावा,डीएम आवास से लेकर पथवलिया गांव की सीमा तक तथा अंबेडकर चौराहे से कचहरी स्टेशन रोड तक सर्किल रेट में ₹2,000 से ₹5,000 प्रति वर्ग मीटर तक की वृद्धि की गई है।अर्द्धनगरीय इलाकों जैसे कि हारीपुर,बालपुरजाट और माधवपुर चकत्ता में भी जमीनों के नए व बढ़े हुए रेट लागू किए गए हैं। एआईजी स्टाम्प कृपाशंकर ने स्पष्ट किया कि आवासीय, व्यावसायिक और खेती योग्य जमीन की नई मूल्यांकन दरों में औसतन 5 से 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जो आज मंगलवार 6 अक्टूबर से प्रभावी हो गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)