गोरखपुर में बाढ़ से बिगड़े हालात:बहरामपुर दक्षिणी में नावों से पहुंचाई जा रही मदद, लंच पैकेट और पशुओं का चारा भी मिल रहा
गोरखपुर के सदर तहसील में बाढ़ का असर लगातार गहराता जा रहा है। बहरामपुर दक्षिणी गांव में मंगलवार से पानी का स्तर तेजी से बढ़ने के बाद हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। गांव के रास्ते जलमग्न हो चुके हैं, कई घर पानी से घिर गए हैं और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी ठप पड़ गई है। हालात बिगड़ते ही जिला प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए राहत अभियान शुरू कर दिया। तहसीलदार सदर सत्यजीत गुप्ता के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ितों के बीच लगातार लंच पैकेट का वितरण किया जा रहा है, ताकि किसी भी परिवार को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े। नाव और मोटरबोट बनी जीवनरेखा
बाढ़ प्रभावित इलाकों तक पहुंचना आसान नहीं है, लेकिन प्रशासन ने इसके लिए मजबूत इंतजाम किए हैं। 14 नाव और 5 मोटरबोट तैनात कर दी गई हैं, जो अब इन गांवों की जीवनरेखा बन चुकी हैं। इन्हीं के सहारे राहत सामग्री, भोजन और जरूरी सामान हर घर तक पहुंचाया जा रहा है। तहसील प्रशासन के मुताबिक इस क्षेत्र के दो गांव बाढ़ से सीधे प्रभावित हैं। प्रशासनिक टीमें लगातार गांवों में जाकर हालात का जायजा ले रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि कोई भी व्यक्ति मदद से वंचित न रहे। पशुपालकों के लिए चारे की भी व्यवस्था
बाढ़ के बीच सिर्फ लोगों ही नहीं, बल्कि उनके पशुओं की भी चिंता की जा रही है। प्रशासन की ओर से पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है। तहसीलदार सदर सत्यजीत गुप्ता ने बताया, “मंगलवार से पानी बढ़ने के बाद हमने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। 14 नाव और 5 मोटरबोट लगाई गई हैं, जिनके जरिए लोगों की आवाजाही और राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। दो गांव बाढ़ से प्रभावित हैं और हर पीड़ित तक लंच पैकेट पहुंचाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि एक भी परिवार भूखा न रहे और सभी को समय पर मदद मिले। पशुओं के लिए भी चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)