गोरखपुर में BSP ने चुनाव के लिए तेज की तैयारी:बूथ मजबूत करने पर जोर, 24 अक्टूबर को फिर चलेगा मतदाता अभियान

Oct 18, 2026 - 18:26
0
गोरखपुर में BSP ने चुनाव के लिए तेज की तैयारी:बूथ मजबूत करने पर जोर, 24 अक्टूबर को फिर चलेगा मतदाता अभियान
गोरखपुर में बहुजन समाज पार्टी ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। रविवार को तुर्कमानपुर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के साथ मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों के नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में पार्टी नेताओं ने दावा किया कि 2027 में BSP की सरकार बनेगी और मायावती पांचवीं बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारी में जुटने और हर बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर रहेगा जोर बैठक के मुख्य अतिथि गोरखपुर मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी सुधीर कुमार भारती ने कहा कि 17 अक्टूबर को पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अभियान चलाया। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में नाम छूट गए लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर को भी कार्यकर्ता इसी तरह अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथों को मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ता आपसी भाईचारे के साथ लोगों के बीच जाएं और संगठन को मजबूत बनाएं। भाजपा और सपा पर साधा निशाना सुधीर कुमार भारती ने भाजपा और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता दोनों पार्टियों की सरकारों को देख चुकी है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और अपराध के मुद्दे उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि BSP की सरकार में बिना भेदभाव के काम किया गया था और कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर BSP की नीतियों और पूर्ववर्ती सरकार के कामकाज को बताने की अपील की। साथ ही कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और मजबूत संगठन के दम पर पार्टी 2027 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। गरीबों, युवाओं और संविदा कर्मचारियों की समस्याएं उठाईं बैठक में विशिष्ट अतिथि कमलेश कुमार गौतम ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गरीब, शोषित, वंचित और कमजोर वर्ग के लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी के साथ संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और पार्टी के संगठन को मजबूत करने की अपील की। विधानसभा क्षेत्रों में लगातार हो रही बैठकें बैठक की अध्यक्षता कर रहे मुख्य मंडल प्रभारी सुरेश कुमार गौतम ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और विद्यार्थी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने की अपील की। वहीं, जिलाध्यक्ष जयकार प्रसाद ने संगठन की प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद बैठक का संचालन जिला महासचिव परमेश्वर उर्फ छोटू सहारा ने किया। इस दौरान घनश्याम रही, विजय कुमार, राजेश मलिक, अरविंद कुमार, रामबाबू, अनिल प्रताप बौद्ध, कुलदीप, आशीष कुमार, प्रदीप कुमार, हरिलाल फौजी, राहुल कुमार, एजाज अहमद, सुनील कुमार और राम नगीना प्रजापति सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User